इंदरगढ़ के ररुआराय सबस्टेशन पर शराबियों का तांडव: ऑपरेटर को पीटा, 4 राउंड हवाई फायर कर तोड़े कंट्रोल पैनल; 3 लाख का नुकसान

दतिया। जिले के इंदरगढ़ थाना अंतर्गत ररुआराय स्थित 33/11 केवी विद्युत सबस्टेशन पर शुक्रवार देर रात शराब के नशे में धुत असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने ड्यूटी पर तैनात आउटसोर्स ऑपरेटर के साथ बेरहमी से मारपीट की और दहशत फैलाने के लिए सबस्टेशन परिसर में लगातार चार राउंड हवाई फायर किए।

उपद्रवियों ने कंट्रोल पैनल, बैटरी सेट और जरूरी रिकॉर्ड फाड़कर भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद सबस्टेशन से जुड़े पंप व आबादी फीडर पूरी तरह ठप हो गए, जिससे ग्रामीण अंचल में अंधेरा छा गया।

रात 12:45 बजे हथियारों के साथ घुसे उपद्रवी : विद्युत कंपनी के कनिष्ठ यंत्री (JE) द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आउटसोर्स ऑपरेटर पारस गुर्जर रात की शिफ्ट में तैनात थे। देर रात करीब 12:45 बजे ग्राम उचिया निवासी नकुल कमरिया, आलोक कमरिया, अजय पाल, अरुण पटेल कमरिया,

संदीप कमरिया और उनके चार अन्य साथी जबरन परिसर में घुस आए। शराब के नशे में धुत आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से पारस पर हमला बोल दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग शुरू कर दी।

तोड़फोड़ और लूटपाट की वारदात :-

● तकनीकी ढांचे को नुकसान : उपद्रवियों ने फीडर स्ट्रिप, मुख्य बैटरी सेट, चार्जर और आबादी व कृषि फीडर के मीटर चकनाचूर कर दिए, जिससे करीब ₹3 लाख की क्षति का अनुमान है।

● सरकारी दस्तावेज नष्ट : सबस्टेशन के परमिट रजिस्टर और लोड मेंटेनेंस रिकॉर्ड को फाड़ दिया गया।

● नकदी व मोबाइल छीना : जाते-जाते बदमाश ऑपरेटर का मोबाइल फोन और उसकी जेब में रखे ₹2,570 नकद लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की दबिश  : इंदरगढ़ थाना पुलिस ने विद्युत विभाग की नामजद तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इधर, लाइनमैन और तकनीकी टीमें सबस्टेशन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter