रंजिश के चलते पड़ौसियों ने मिलकर युवक पर किया जानलेवा हमला, अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत

Datia News : दतिया। उनाव थाना क्षेत्र के ग्राम दबरीभाट गत गुरुवार रंजिश के चलते 2 पक्षों के बीच हुए विवाद में घायल हुए एक व्यक्ति की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। मृतक के स्वजन की ओर से इस मामले में हत्या का आरोप लगाते हुए आधा दर्जन लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। युवक की मौत की घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

​​​​​​​पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम दबरीभाट निवासी वीरसिंह अहिरवार की अपने पड़ोस के लोगों से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसमें एक पक्ष ने लाठी-डंडे और फरसे से वीरसिंह की मारपीट कर दी।

इस मारपीट कर वीरसिंह गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित भाग निकले। हमले में गंभीर रूप से घायल वीरसिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

जहां इलाज के दौरान घायल ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। मृतक के स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने दबरीभाट निवासी जितेंद्र, अभिषेक, विशाल, मुकेश, बाबूजी और नीलू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की हुई मौत : सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की झांसी के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बड़ौनी पुलिस ने मर्ग डायरी प्राप्त होने पर मामला जांच में लिया।

सदर बाजार झांसी निवासी रवि अहिरवार गत दिवस बडौनी आ रहा था। गोविंदपुरा तिराहे के पास एक चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए उसे टक्कर मार दी थी। जिससे रवि गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को स्वजन ने उपचार के लिए झांसी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter