यमुनानगर Yamunanagar News: हरियाणा के एक मंत्री के नाम पर 500 व 2000 रुपये के बड़े नोट के बदले छोटे नोट डबल दिए जाने का झांसा देकर पांच लोगों ने हरिद्वार की तहसील भगवानपुर के हबीबपुर निवादा गांव के रहने वाले विकास सैनी से 31 लाख 30 हजार रुपये ठग लिए। जब रुपये का लेनदेन होने वाला था तो फिल्मी अंदाज में नकली पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
विकास सैनी ने थाना रादौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका एक जानकार रुड़की का रहने वाला धर्मेंद्र दो मार्च, 2021 को उसके पास आकर कहने लगा कि उसे पांच लाख रुपये की जरूरत है। उसने धर्मेंद्र से पूछा कि इतने रुपये का वह क्या करेगा तो उसने कहा कि यमुनानगर जिले में उसके जानकार हैं जो 500 व 2000 रुपये के बड़े नोट लेकर छोटे में दोगुना करके देते हैं। उसे यकीन नहीं हुआ तो धर्मेंद्र ने हिमाचल प्रदेश निवासी सरपंच से मिलवाया। जो उन्हें जोड़ियां बाईपास के पास मिला। सरपंच ने उसे बताया कि हरियाणा के एक मंत्री के पास बड़ी संख्या में 100-200 के बड़े नोट हैं। जिन्हें वह बड़े नोटों में बदल रहा है। उसे कुछ विश्वास होने लगा।
तब उसने पांच मार्च को उसे भूरे का माजरा गांव के अरविंद कुमार, पूर्व सरपंच काला, कर्णपाल, उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद के संदीप से मिलवाया। जिन्हें उसने 500-500 रुपये के दो नोट दिए। जिसके बदले उन्होंने उसे 100 के नोट के दो हजार रुपये दिए। उनकी बातों पर विश्वास कर उसने 31 लाख 30 हजार रुपये उन्हें दे दिए। जब वह उसके दिए रुपये को गिन रहा था, तभी वहां फिल्मी अंदाज में पुलिस पहुंच गई। जिन्होंने शोर मचाया कि पुलिस की रेड पड़ गई है। तब सभी वहां से भाग गए। लेकिन बाद में उसे पूरी बात चली कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। अब वह पैसे मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।


