मतदान के दौरान कोविड गाईड लाईन के साथ आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन हो
दतिया. मतदाताओं से मतदान के दौरान केन्द्र पर आते समय कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क आवश्यक रूप से लगाकर आने और मतदान के समय सोशल डिस्टेसिंग का पूर्ण रूप से पालन करने संबंधी समझाइश दी जाएं। इसके लिए विभिन्न तरीके अपनाकर मतदाताओं तक यह अपील संदेश पहुंचाया जाए। यह निर्देश ग्वालियर संभाग आयुक्त आशीष सक्सैना ने न्यू कलेक्ट्रेट दतिया में भांडेर उप चुनाव के संबंध में नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने कहाकि सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग द्वारा उप चुनाव के लिए जो दिशा निर्देश दिए गए है उनका अध्ययन कर सख्ती के साथ पालन करें। ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन हो।बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय दत्ता, पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह, अपर कलेक्टर सुजान सिंह रावत, जिला पंचायत सीईअो अतेन्द्र सिंह गुर्जर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक सिंह चौहान, भांडेर विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निग आॅफीसर अरविन्द माहौर सहित निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।संभागायुक्त ने नोडल अधिकारियों द्वारा किए गए अभी तक के कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आयोग के दिशा निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन कर उनका सख्ती के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही कोविड-19 की गाईड लाईन का भी पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर कोविड गाईड लाईन के तहत मतदान करने वाले हर मतदाता का सैनिटाईजेशन एवं थर्मल स्क्रीनिंग अवश्य की जाए। इसके साथ ही मतदाताओं को आवश्यकतानुसार मास्क एवं ग्लब्स भी उपलब्ध कराए जाए। मतदाताओं को मतदान केन्द्र पर बैठक की व्यवस्था के लिए शामियाना लगवाने के साथ पेयजल की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खड़े होने के केंद्र पर गोले भी बनाए जाए।

मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा

संभागायुक्त ने कहाकि मतदान केन्द्रों पर सैनिटाईजेशन, थर्मल स्क्रीनिंग, ग्लब्स वितरण आदि के लिए पृथक-पृथक कर्मचारियों की जबावदेही तय की जाए। मतदान केन्द्र पर तैनात कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस बार मतदान सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक होना है, इसके लिए मतदान केन्द्रों पर प्रकाश की भी अच्छी व्यवस्था रखी जाए। ऐसी महिलाएं जो अपने छोटे बच्चों के साथ मतदान केन्द्र पर पहुंचेंगी उनके बच्चों के लिए मतदान केन्द्र के समीप झूला घर एवं खिलौने आदि की व्यवस्था करें। मतदान केन्द्रों पर दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था करें जिसको सैनिटाईज कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान वाले दिन कंट्रोल रूम में मास्टर ट्रेनर्स की व्यवस्था की जाए। मतदान के दौरान मतदान दल को किसी प्रकार की समस्या या परेशानी आने पर उसका त्वरित निराकरण मास्टर ट्रेनर्स दूरभाष पर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान कर्मियों को मिलने वाला मानदेय भी समय पर उपलब्ध हो ऐसी व्यवसथा सुनिश्चित की जाए।संभागायुक्त ने मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण, डाक मतपत्र की स्थिति, सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण, मतदान के दिन बेव कास्टिंग, पेड न्यूज, उम्मीदवारों के आपराधिक प्रकरणों के विज्ञापन का प्रकाशन, मतदान उपरांत मतदान कर्मियों द्वारा कोविड संक्रमण को रोकने वाली सामग्री का डिस्पोजल, मतदान कर्मियों एवं पुलिस कर्मियों के लिए वाहनों की व्यवस्था, कम्प्यूनिकेशन प्लान आदि के संबंध में भी चर्चा की। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर जनपद पंचायत एवं नगरीय क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर नगरीय निकायों के माध्यम से व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मतदान केन्द्रों पर आयोग के दिशा निर्देशों के साथ कोविड गाईड लाईन का पालन करने की समुचित व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक ने मतदान केन्द्रों पर की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं, नाकों पर वाहनों की चैकिंग आदि के संबंध में जानकारी दी।

मतगणना स्थल का किया निरीक्षणसंभाग आयुक्त ने स्ट्रांग रूम, मतदान उपरांत 10 नवम्बर को दो कक्षों में होने वाली मतगणना की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर जानकारी ली। उन्होंने मतगणना स्थल पर वाहन व्यवस्था, उम्मीदवारों एवं, मतगणना एजेन्टों को प्रवेश, मीडिया सेंटर के गठन आदि की जानकारी लेते हुए कहा कि मतगणना स्थल के बाहर दो बड़ी स्क्रीन, कैमरे भी लगाए जाए । जिससे सामग्री वितरण एवं प्राप्ति के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना देने में उपयोग किया जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter