गोबर बेचकर कमा लिए 1 लाख 30 हजार : ग्रामीण ने खुद के लिए खरीदी बाइक तो सीएम ने मजाक में पूछा पत्नी के लिए भी कुछ लिए हो या नहीं?

Raipur News : रायपुर । प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कबीरधाम जिले के ग्राम सोहागपुर के नारायण यादव ने बताया कि शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के तहत मात्र दो साल में ही गोबर बेचकर एक लाख 30 हजार रुपए की अतिरिक्त आमदनी अर्जित की है। उन्होंने इस पैसे का सदुपयोग करते हुए अपने लिए बाइक भी खरीदी है।

इस पर मुख्यमंत्री बघेल ने खुशी जाहिर करते हुए मजाकिया अंदाज में पूछा कि अपनी पत्नी के लिए क्या कुछ खरीदे हो? नारायण यादव ने बताया कि वे अपने बच्चों को पढ़ा-लिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मन लगाकर कार्य करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की बात कही।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात के दौरान ग्राम सोहागपुर की फूलबाई पटेल ने बताया कि तालाब में मछली पालन से 25 हजार रुपए की आमदनी प्राप्त हुई है। उनके समूह में 10 सदस्य हैं। समूह द्वारा  80 रुपए से 100 रूपये प्रति किलोग्राम की दर से मछली का विक्रय किया जा रहा है। इसके अलावा उनके समूह द्वारा गौठान में वर्मीं कम्पोस्ट का भी निर्माण किया जा रहा है। उन लोगों ने अब तक एक लाख रुपए के वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय कर लिया है।

गोबर बेचकर की अतिरिक्त कमाई : फूलबाई पटेल ने बताया कि समूह के सदस्य पहले दूसरे के खेतों में जाकर कार्य करती थी। लेकिन राज्य सरकार ने जब से सुराजी गांव योजना के तहत गांव में गौठान का निर्माण किया है। गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी की शुरुवात की है।

तब से ही समूह की महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी का जरिया मिल गया है। समूह की महिलाएं गौठान में वर्मी कम्पोस्ट के अलावा अन्य आजीविकामूलक गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री बघेल को धन्यवाद ज्ञापित किया।

 मुख्यमंत्री बघेल ने कहाकि प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों, महिलाओं और किसानों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजना के तहत लाभ मिलने की जानकारी पर खुशी जताई और आगे भी इसी तरह शासन की योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

        उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से सीधे संवाद कर शासन की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ का फीडबैक ले रहे हैं। इस कड़ी में मुख्यमंत्री श्री बघेल ने आज कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इंदौरी पहुंचकर ग्रामीणों से रूबरू होते हुए शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter