बड़ौनी नगर परिषद् के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव 10 अगस्त को : परिषद् में पूरे पार्षद भाजपा के

Datia News : दतिया। नगर परिषद् बड़ौनी में आज 10 अगस्त को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। पीठासीन अधिकारी के रूप में अनुविभागीय दंडाधिकारी दतिया ऋषि कुमार सिंघई चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराएंगे। नगर परिषद् बडौनी में पूरे 15 पार्षद भाजपा के ही हैं। ऐसे में यहां भी भाजपा का ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने जाएंगे। जिले की यह पहली परिषद् है जहां सभी पार्षद एक ही पार्टी के हैं। यहां निर्दलीय और कांग्रेस से जीतकर कोई भी उम्मीदवार परिषद् में नहीं पहुंचा।

नगर परिषद बड़ौनी में अध्यक्ष पद के लिए आज सुबह 11 बजे से 12 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जा सकेंगे। दोपहर 12 बजे से 12.15 बजे तक नाम निर्देशन पत्राें की संवीक्षा होगी। 12.15 से 12.30 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ले सकेंगे। दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक यदि आवश्यक हुआ तो मतदान होगा। दोपहर 1.30 बजे से 2 बजे तक मतगणना और मतगणना उपरांत परिणाम की घोषणा की जाएगी।

इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए दोपहर 2 बजे तक पार्षदगण उपस्थित हाेंगे। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। 3 बजे से 3.15 बजे तक नाम निर्देशन पत्राें की संवीक्षा होगी।

दोपहर 3.15 से 3.30 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी। दोपहर 3.30 बजे से 4.30 बजे तक आवश्यक हुआ तो मतदान होगा। 4.30 से मतगणना होगी। मतगणना उपरांत सांय 5 बजे परिणामाें की घोषणा की जाएगी। इस चुनाव के लिए भाजपा में ही सरगर्मियां तेज हो गई हैं। यहां भी गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा की पसंद के ही उम्मीदवारों का अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनना तय है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter