हेमंत खंडेलवाल को मध्यप्रदेश भाजपा की कमान : छह राज्यों में निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुने,राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की उलटी गिनती शुरू

भोपाल : भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को मध्यप्रदेश सहित छह राज्यों में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया को गति दी। बैतूल से विधायक और पूर्व सांसद हेमंत विजय खंडेलवाल ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध नामांकन दाखिल किया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को उनके निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

खंडेलवाल का संगठनात्मक अनुभव काफी व्यापक है। वे भाजपा के जिला अध्यक्ष, प्रदेश कोषाध्यक्ष, और वर्तमान में कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। पार्टी के भीतर उनके चयन को स्थिर नेतृत्व और संगठन में मजबूती की दिशा में एक रणनीतिक निर्णय माना जा रहा है।

हेमंत खंडेलवाल : प्रोफाइल एक नजर में


पांच अन्य राज्यों में भी घोषित हुए नए अध्यक्ष : मंगलवार को भाजपा ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए।

● हिमाचल प्रदेश : राजीव बिंदल को तीसरी बार जिम्मेदारी दी गई।
● उत्तराखंड : महेंद्र भट्ट को दोबारा अध्यक्ष बनाया गया।
● महाराष्ट्र : रवींद्र चव्हाण को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
● आंध्र प्रदेश : पीएनवी माधव को प्रदेश प्रमुख नियुक्त किया गया।
● तेलंगाना : के. लक्ष्मण की जगह रामचंद्र राव को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली।


राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की उलटी गिनती शुरू : भारतीय जनता पार्टी में अब राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया निर्णायक मोड़ पर पहुँच चुकी है। पार्टी के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तब ही संभव होता है जब कम से कम 50 प्रतिशत राज्य इकाइयों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी हो।

 इस बार पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश स्तर पर अधिकतर नियुक्तियाँ सर्वसम्मति या निर्विरोध प्रक्रिया से की हैं, जो यह दर्शाता है कि पार्टी भीतर एकता और रणनीतिक समन्वय पर बल दे रही है।

संभावना है कि जुलाई के पहले या दूसरे सप्ताह में राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुलाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!