दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मतदान की तारीख नजदीक आते ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रचार के अंतिम दौर में राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच कांग्रेस के समर्थन में चंबल के पूर्व डकैत मलखान सिंह भी चुनाव प्रचार में उतर आए हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की और अपने संबोधन में भाजपा पर निशाना साधा।
शनिवार को मलखान सिंह ने कमरारी और आसपास के गांवों में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी भी तरह के दबाव या भय में आने की जरूरत नहीं है और वे बिना किसी डर के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।
‘भय की राजनीति’ पर मलखान सिंह का निशाना : जनसभा को संबोधित करते हुए मलखान सिंह ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ अन्याय या अत्याचार होता है, तो कांग्रेस नेतृत्व उसके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी के दबाव में आए बिना अपने विवेक के आधार पर मतदान करें।
अपने अतीत का जिक्र करते हुए मलखान सिंह ने कहा, “हम 15 साल तक गोलियों के बीच रहे और डरकर पीछे नहीं हटे। फिर किसी की गुंडागर्दी या दबाव से डरने की जरूरत क्यों है?” उनके इस बयान के बाद सभा में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।

