अवैध शराब के ठिकानों पर आबकारी विभाग का छापा : फुलरा कंजर डेरा से 1200 लीटर गुड़ लाहन नष्ट, 75 लीटर कच्ची शराब जब्त

दतिया। सागर जिले में जहरीली शराब से जुड़े हालिया घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए दतिया जिला प्रशासन अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सख्त रुख अपनाए हुए है। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल तथा आबकारी संभागीय उड़नदस्ता उपायुक्त संदीप शर्मा के संयुक्त निर्देशों के तहत आबकारी विभाग की टीम ने बुधवार को ग्राम फुलरा स्थित कंजर डेरा के पास सघन तलाशी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने मौके से भारी मात्रा में कच्ची शराब और लहन बरामद किया है।

मौके पर ही नष्ट किया गया 1200 लीटर लाहन : प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी मनीष द्विवेदी के निर्देशन तथा वृत्त प्रभारी अनिरुद्ध खानवलकर के नेतृत्व में टीम ने कंजर डेरे के समीप दबिश दी:

● लाहन नष्टीकरण: झाड़ियों और गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखे गए 6 ड्रमों से लगभग 1,200 लीटर गुड़ लाहन बरामद किया गया। आबकारी दल ने विधिवत सैंपल लेने के बाद पूरे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

● शराब जब्ती: भट्टी से उतारी गई 75 लीटर अवैध हाथभट्टी मदिरा को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

● कीमत का आंकलन: विभाग के अनुसार नष्ट किए गए लाहन और जब्त कच्ची शराब का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹1,99,200 आंका गया है।

संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज : आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी अनिरुद्ध खानवलकर ने बताया कि जहरीली शराब के खतरे को भांपते हुए जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों और कंजर डेरों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी सूरत में अवैध शराब का निर्माण या परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस छापामार कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक ध्वनि भदौरिया, मनोज दिनकर तथा मुख्य आरक्षक विकास पाठक ने मुख्य भूमिका निभाई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter