पंडोखर महोत्सव में रोमांचक प्रस्तुतियों की धूम : फिनिक्स सर्कस के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों का दिल जीता !

दतिया : पंडोखर धाम में आयोजित श्री पंडोखर सरकार धाम महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ के तहत रविवार रात सांस्कृतिक मंच पर फिनिक्स सर्कस एंड ग्रुप के कलाकारों ने रोमांचक और आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिससे देर रात तक तालियों की गूंज बनी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक मंच पर विराजमान श्री हनुमान जी महाराज के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। पूजन कार्य आचार्य उमाशंकर देवलिया एवं श्याम पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया गया। मुख्य अतिथि अवधेश बाबूजी, अमृत शर्मा, संजय सोनी एवं विपिन शर्मा ने विधिवत पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलाकारों का पारंपरिक रूप से चंदन तिलक एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

फिनिक्स सर्कस ग्रुप ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत एरियल सिल्क की आकर्षक प्रस्तुति से की, जिसे देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। इसके बाद मणिपुरी रोड बैलेंस में महिला कलाकारों ने तलवारों की नोक पर संतुलन बनाकर अद्भुत साहस का प्रदर्शन किया। वाटर योग हैंड स्टिक बैलेंस में एक कलाकार ने अनोखे अंदाज में पानी के साथ करतब दिखाकर सभी को चकित कर दिया।

रशियन हुला हूप के प्रदर्शन में कलाकार अंजलि ने एक साथ कई छल्लों के साथ शानदार संतुलन दिखाया। इसके अलावा टोपी फेंक, गोला संतुलन और अन्य करतबों ने दर्शकों को बांधे रखा। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने हिस्सा लिया, जिनमें सुरजीत (मणिपुर), अंजलि (नेपाल), विक्की (कोलकाता), सुंदर घोष (पश्चिम बंगाल) और प्रकाश (महाराष्ट्र) प्रमुख रहे। सभी कलाकारों ने अपने कौशल से मंच पर अलग ही रंग जमा दिया।

संत-महंतों की उपस्थिति ने बढ़ाई गरिमा
महोत्सव के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए संत-महंतों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति भी देखने को मिली। पंडोखर पीठाधीश्वर गुरु शरण  महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

पंडोखर धाम में चल रहा यह महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ते हुए क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter