राजधानी दिल्ली में इजराइली दूतावास के पास विस्फोट, पास खड़ी कारों के टूटे शीशे

नई दिल्ली। राजधानी दिल्‍ली में इजरायली दूतावास के पास शुक्रवार शाम को हुए धमाके से आसपास का इलाका दहल गया। धमाके बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। विस्‍फोट स्‍थल विजय चौक से करीब डेढ़ किमी की दूरी पर है। जहां बीटिंग रिट्रीट समारोह के चलते राष्‍ट्रपति, प्रधानमंत्री और उपराष्‍ट्रपति मौजूद थे। डीसीपी सेंट्रल सिंघल के अनुसार यह मामूली विस्‍फोट था और कोई भी घायल नहीं हुआ। विस्‍फोट के कारण वहां खड़ी कुछ कारों को नुकसान पहुंचा है। चिंता की बात यह थी कि विस्फोट स्थल से मात्र डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर ही समारोह में देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति मौजूद थे। जिसके पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई और पूरा इलाका घेर लिया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विस्‍फोटक IED होने का संदेह है, जिसे प्‍लास्टिक के बैग में लपेटकर फर्श पर छोड़ा गया था। जहां इसमें हुए विस्‍फोट से नजदीक खड़ी चार-पांच कारों को नुकसान पहुंचा। फायर डिपाटमेंट को शाम 5:11 बजे अब्‍दुल कलाम रोड पर विस्‍फोट की सूचना मिली, क्षेत्र में इस समय बड़ी संख्‍या में पुलिस बल पर मौजूद है और पूरे एरिया की घेराबंदी कर ली गई है। सूचना मिलते ही तीन फायरटेंडर और दिल्‍ली पुलिस मौके पर पहुंच गई।  विस्‍फोट के कारण नजदीक के चार पहिया वाहनों के शीशे टूटकर चकनाचूर हो गए। शुरुआती जांच से ऐसा लगता है कि सनसनी पैदा करने के लिए इस विस्‍फोट को अंजाम दिया गया। राहत की बात यह रही कि इससे न कोई घायल हुआ और ना ही संपत्ति को कोई बड़ा नुकसान पहुंचा है। बतादें कि इससे पूर्व भी फरवरी 2012 में हुए विस्‍फोट में इजरायली राजदूत की कार को नुकसान पहुंचा था।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter