Datia news : दतिया। मिलावटखोर ब्रांडेड कंपनियों के नाम से नकली सोयाबीन तेल शहर में खपाने में लगे हैं। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब शहर के बीचों बीच इस कारोबार का गोदाम पकड़ा गया। जिसके बाद पुलिस ने गोदाम में रखी सामग्री जब्त कर ली है।
दतिया शहर में नकली खाद्य तेल के कारोबार पर पुलिस ने कार्रवाई कर वहां से एक कंपनी के नाम रेपर और पेकिंग सामाग्री जब्त की है। कोतवाली टीआइ धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि गगन एक्टिव सोयाबीन आयल के नाम से नकली उत्पाद बनाकर बेचने वाले आरोपित के खिलाफ कापीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार 24 फरवरी को जब बंज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य जांचकर्ता अधिकारी सुनील पांडे निवासी बांद्रा कुर्ला मुंबई, महाराष्ट्र ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि शहर के रिंग रोड स्थित होलीपुरा में जगराम साहू नामक व्यक्ति उनकी कंपनी ब्रांड के नाम से नकली सोयाबीन आयल तैयार कर बेच रहा है।
रिंग रोड पर पकड़ा गया गोदाम : शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता सुनील पांडे और उनके सहायक शिवम पांडे के साथ मिलकर रिंग रोड, होलीपुरा स्थित आरोपित की दुकान पर छापा मारा।
छापामार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान से 29 खाली टीन नकली गगन सोयाबीन एक्टिव आयल के, एक 15 लीटर का भरा हुआ टीन तथा 1320 नकली गगन एक्टिव आयल के स्टिकर्स बरामद किए। जब्त सामग्री से स्पष्ट हुआ कि ब्रांड की नकल कर अवैध रूप से उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था।
पुलिस जांच में जुटी : पुलिस ने आरोपित जगराम साहू पुत्र उमराव साहू, निवासी होलीपुरा रिंग रोड, वार्ड क्रमांक 17 दतिया के विरुद्ध कापीराइट एक्ट की धारा के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
मामले को विवेचना में लिया गया है और आगे जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मिलावटी और नकली खाद्य तेल की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी, इसे लेकर भी पता लगाया जा रहा है। ताकि मिलावटी पदार्थों के विक्रय पर रोकथाम लग सके।


