दतिया (जिगना)। जिले के जिगना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकंदरा में नामी ‘टाटा’ ब्रांड के नाम पर वाहनों में इस्तेमाल होने वाला नकली डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (डीईएफ यूरिया) तैयार करने वाले एक अवैध ठिकाने का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस और कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारियों की संयुक्त टीम ने हाईवे किनारे संचालित एक दुकान पर छापामार कार्रवाई करते हुए ब्रांडेड पैकिंग में नकली घोल तैयार करने का पूरा सेटअप पकड़ा। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया।
कंपनी के अधिकृत अधिकारियों की शिकायत पर एक्शन : प्रोटेक्ट आईपी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के जांच अधिकारियों ने जिगना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। सूचना में बताया गया था कि सिकंदरा में हाईवे के पास एक दुकान में टाटा कंपनी के नाम व ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर अवैध तरीके से नकली डीईएफ यूरिया बनाकर बाजार में खपाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम कंपनी के जांच दल के साथ मौके पर पहुंची और दबिश दी।
मौके से भारी मात्रा में जब्त की गई सामग्री:
● कच्चा माल व कंटेनर: 45 किलोग्राम यूरिया से भरी एक बोरी और घोल तैयार करने के लिए रखा 1000 लीटर क्षमता का एक विशालकाय खाली टैंक।
● ब्रांडेड व खाली बाल्टियां: टाटा डीईएफ के नाम की 45 खाली बाल्टियां, 20 लीटर क्षमता की 190 सादा खाली बाल्टियां और पैकेजिंग के लिए रखे 105 ढक्कन।
आरोपी रहमत की तलाश में जुटी पुलिस : दुकान के संचालन और अवैध गतिविधि के संबंध में स्थानीय स्तर पर की गई पड़ताल में सिकंदरा निवासी 30 वर्षीय रहमत (पुत्र इस्तियाक) का नाम सामने आया है। छापे के दौरान आरोपी मौके पर मौजूद नहीं मिला। जिगना पुलिस ने बरामद सामग्री को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट व अन्य सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

