दतिया | भांडेर थाना क्षेत्र के पथरिया ततारपुर गांव में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 45 वर्षीय व्यक्ति का शव सोमवार रात उसके घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान चंद्रशेखर कुशवाहा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 बजे उनके भाई परमानंद कुशवाहा उन्हें खाना खाने के लिए बुलाने घर पहुंचे थे। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने खिड़की से घर के भीतर झांककर देखा। अंदर चंद्रशेखर रस्सी के सहारे फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए।
इसके बाद परिजनों ने किसी तरह घर का दरवाजा खोला और अंदर पहुंचे। चंद्रशेखर की मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार, शव से दुर्गंध भी आ रही थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना कुछ समय पहले हुई होगी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि चंद्रशेखर खेती-किसानी का काम करते थे और घर में अकेले रहते थे। उन्हें शराब पीने की आदत थी। मृतक के तीन बच्चे बताए गए हैं।
सूचना मिलने पर भांडेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

