किसान का मेड़ पर पड़ा मिला शव : चोट जैसे निशान मिलने से हत्या की आशंका, दो दिन पहले जमीन को लेकर हुआ था विवाद

Datia news : दतिया। किसान की खेत की मेड़ पर मिले शव को पुलिस ने बरामद किया है। शव पर चोटों के निशान होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने शव का पीएम कराकर उसे स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा कि किसान की मौत कैसे हुई।

फिलहाल इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। इधर मृतक के बेटे ने दो दिन पहले ही रिश्तोंदारों से जमीन विवाद होने के बाद हुई इस घटना को लेकर हत्या का संदेह जताया है। जिसमें उसने पुलिस के सामने कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं। इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हमीरपुर डेरा पर रविवार को एक अधेड़ किसान का शव उसके खेत की मेड़ पर संदिग्ध अवस्था में पुलिस ने बरामद किया। जानकारी के अनुसार ग्राम लरायटा निवासी मैथलीशरण पुत्र बाबूलाल यादव अपने खेत पर बनी कोठी में ही रहता था। शनिवार रात घर पर खाना खाने के बाद वह वापस खेत पर चला गया था।

अगले दिन जब रविवार मैथलीशरण घर नहीं पहुंचा तो स्वजन खेत पर पहुंचे। जहां उसका शव खेत की मेड़ पर पड़ा मिला। इस बात की सूचना पुलिस को दी गई। इस घटना को लेकर मृतक के बेटे मनोज यादव का कहना था कि उसके पिता खेत पर रहते थे। उनका विवाद परिवार के अन्य लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

दो दिन पहले विवाद भी हुआ था। तब पिता को जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिसके बाद यह घटना हुई है। मृतक के बेटे ने कुछ लोगों पर आरोप भी लगाए हैं।

Banner Ad

युवक ने घर में लगाई फांसी : सेवढ़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव काे बरामद कर उसे पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सेवढ़ा निवासी मुकेश पुत्र देवी केवट ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब स्वजन ने मुकेश को फंदे पर झूलते देखा तो वह सकते में आ गए।

शोर शराबा सुन आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर कार्रवाई की। शव का पीएम कराकर उसे स्वजन को सौंप दिया है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter