दतिया। सेवढ़ा अनुभाग के इंदरगढ़ क्षेत्र में किसान यूरिया के लिए खाद गोदामों के बाहर घंटों लाइन लगाकर परेशान हो रहे हैं। कई दिन चक्कर लगाने के बाद भी किसानों को अपनी फसलों के लिए पर्याप्त यूरिया नहीं मिल पा रहा है। खाद के लिए परेशान किसान कहीं हंगामा कर रहे हैं तो कहीं मारामारी तक की नौबत आ गई है। ऐसे में अपनी फसल को बचाने के लिए किसान निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हो रहे हैं।
इधर कलेक्टर का कहना है कि जिले में यूरिया की कोई किल्लत नहीं है, इसके बाद भी सुबह से ही खाद गोदाम के बाहर इन दिनों किसानों की लम्बी लाइनें लग रही है, लेकिन यूरिया उन्हें नहीं मिल पा रहा है। वहीं निजी दुकानदार किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें जिंक का पैकेट खरीदने पर ही यूरिया की बोरी बेचते हैं। इस बारे में किसानों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से खाद वितरण व्यवस्था में सुधार न किए जाने के कारण बाजारों में निजी खाद विक्रेता इसका जमकर फायदा उठा रहे हैं।
सहकारी समिति में नहीं उठाया यूरिया
जिले में पर्याप्त यूरिया खाद का भंडार होने के बाद भी समय पर किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा है इसी को देखते हुई दतिया कलेक्टर संजय कुमार ने नगद बिक्री के लिए सहकारी समितियों पर खाद बिक्री करने के आदेश दिए थे। लेकिन 5 दिन बाद भी समितियों द्वारा खाद का उठाव ही नहीं किया जा रहा है।इंदरगढ़ तहसील में मात्र खाद गोदाम पर ही खाद वितरण किया जा रहा है, जिससे किसान को खाद गोदाम पर लंबी-लंबी कतारें लगाकर घंटों खाद खरीदी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
बाजार में मिल रहा है महंगा खाद
किसानों का आरोप है कि सहकारी समिति पर खाद्य उपलब्ध नहीं है, केवल खाद गोदाम पर खाद वितरण किया जा रहा है। जहां काफी इंतजार के बाद भी किसानों को खाद न मिल पाने के कारण उन्हें बाजार में निजी दुकानों से खाद खरीदना पड़ रहा है। जो काफी महंगा बेचा जा रहा है। इंदरगढ़ किसान घनश्याम विश्वकर्मा का कहना है कि खाद गोदाम पर 2 दिन से खाद खरीदने के लिए जा रहा था, लेकिन लंबी लाइन को देखकर बाजार से महंगा एवं मोटा यूरिया खरीद कर बोनी की है। समय पर खाद नहीं खरीदता तो फसल खराब हो जाती। इधर तहसीलदार इंदरगढ़ सुनील भदौरिया का कहना है कि जिले में खाद का भंडारण पर्याप्त है। समितियों ने खाद क्यों नहीं उठाया, इसकी जानकारी करता हूं। दुकानदार अगर महंगा खाद बेच रहे हैं तो चेक करवाता हूं, ऐसे दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई करुंगा। वहीं प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी कौशल यादव का कहना है कि भाजपा के शासन काल में किसानों को यूरिया तक नहीं मिल पा रहा है। वितरण केंद्रों पर किसानों को अपने आवश्यक कामकाज छोड़कर घंटों खाद के लिए इंतजार कर पड़ता है। यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर आंदोनात्मक कदम उठाएगी।

