दतिया (सेंवढ़ा)। जिले के सेंवढ़ा थाना अंतर्गत ग्राम सिरसा में महज 5 हजार रुपये की उधारी को लेकर उपजे विवाद में पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला और ताबड़तोड़ फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अवैध हथियारों (कट्टा व अधिया) से गोलियां दाग दीं।
गोलियां फरियादी के सिर और कनपटी के बेहद करीब से निकल गईं, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए। जान बचाने के लिए जब पीड़ित पिता-पुत्र घर की छत पर पहुंचे, तो आरोपियों ने वहां भी फायरिंग और पथराव किया। घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कीटनाशक दवा के बकाए को लेकर हुआ था विवाद : पीड़ित बिल्लू उर्फ अरुण कुमार तिवारी (53 वर्ष) द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है:
➝ रुपये मांगने पहुंचे थे आरोपी: फरियादी अपने पुत्र प्रदीप तिवारी के साथ घर के दरवाजे पर खड़े थे। तभी गांव के ही नवल किशोर व्यास, उसका पुत्र सत्यम व्यास, भतीजा सक्षम व्यास और अभिषेक व्यास वहां आ धमके।
➝ फसल कटने पर चुकाने की कही थी बात: आरोपियों ने धान की फसल के लिए उधार दिलाई गई कीटनाशक दवा के 5,000 रुपये तुरंत चुकाने का दबाव बनाया। फरियादी ने फसल कटने व मंडी में बिकने के बाद पाई-पाई चुकाने का भरोसा दिलाया, लेकिन आरोपी नहीं माने और अभद्रता करने लगे।
कट्टे और अधिया से दागीं गोलियां, छत तक किया पीछा : विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया:
➝ कनपटी को छूकर निकली गोली: आरोप है कि सक्षम व्यास के उकसाने पर नवल और सत्यम ने कट्टा व अधिया निकालकर सीधे पिता-पुत्र को निशाना बनाकर फायर झोंक दिया। एक गोली फरियादी की बाईं कनपटी के पास से और दूसरी सिर के ठीक ऊपर से सनसनाती हुई निकल गई।
➝ छत पर भी बरसाए पत्थर और गोलियां: जान बचाने के लिए पिता-पुत्र तुरंत मकान के अंदर भागे और छत पर जा पहुंचे। हमलावरों ने छत की ओर भी गोलियां दागीं, जो दीवार की बाउंड्री में जा धंसीं। वहीं अन्य आरोपियों ने ईंट-गुम्मे फेंककर हमला किया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

