Datia News : दतिया। भांडेर के ग्राम बसवाहा से निकली नहर में शुक्रवार को पिता-पुत्र के बह जाने से गांव में मातम छा गया। भांडेर अनुभाग अंतर्गत बड़ी नहर बसवाहा से निकली है। जिसमें पारीछा से पानी आता है। शुक्रवार को ग्राम बसवाहा निवासी 13 वर्षीय रोहित दोहरे पुत्र राजू दोहरे अपने हमउम्र चचेरा भाई रहीश पुत्र मंगल के साथ नहर पर नहाने गया था।
इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहीश ने बताया कि वह और रोहित नहर में नहाने के लिए एक प्लास्टिक की डोरी उन्होंने नहर के किनारे लगे अकौआ के पौधे से बांध दी थी। उसके सहारे एक-दूसरे का हाथ पकड़कर वह नहर में उतर गए। तभी उसके हाथ से रोहित का हाथ छूट गया और वह आगे की ओर बहने लगा। यह देखकर वह उसी रस्सी के सहारे ऊपर आ गया और चिल्लाकर लोगों इस बारे में बताया।

उस वक्त नजदीक ही रोहित का पिता राजू दोहरे मौजूद था। उसने यह सुनकर नहर में छलांग लगा दी। घटना के वक्त वहां मौजूद ग्रामीणों के अनुसार राजू तैरना जानता था और आगे जाकर उसने अपने पुत्र को पकड़ भी लिया। लेकिन नहर में पानी के तेज प्रवाह के चलते उसका प्रयास विफल हो गया और फिर उन दोनों का पता नहीं चला।

इस घटना के कुछ घंटों बाद सुजेड़ पुलिया के पास लगाए जाल में किशोर रोहित दोहरे का शव फंस गया। लेकिन उसके पिता राजू का पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी क्षेत्रीय विधायक रक्षा संतराम सिरोनिया को मिलने पर उन्होंने कलेक्टर संजय कुमार को घटना की जानकारी देते हुए उनसे नहर का पानी पारीछा से रुकवाने का आग्रह किया ताकि गोताखोरों को नहर में डूब गए पिता-पुत्र को खोजने में आसानी हो।
इसके कुछ समय बाद ऊपर से नहर में पानी छोड़ा जाना रोक दिया गया। घटना चूंकि भांडेर थाना क्षेत्र में घटित हुई और यह नहर दुरसड़ा थाना क्षेत्र से होकर भी गुजरती है। लिहाजा दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस सक्रिय हो गई।