बाजार में बेखौफ बदमाशों ने की कट्टे से फायरिंग : दुकानदारों की जान आफत में आई, युवकों की हरकत सीसीटीवी में हुई कैद

Datia news : दतिया। शहर के बाजार में लगातार उत्पात मचाने की घटनाएं घटित होने से लोग दहशत में हैं। शनिवार रात भी स्थानीय दारुगर की पुलिया क्षेत्र में चार बदमाश युवकों ने बीच बाजार में कट्टे से फायर कर आसपास के दुकानदारों में दहशत फैला दी। बदमाश युवकों की हरकत देख सड़क से गुजर रहे राहगीर भी सहम गए। करीब 15 से 20 मिनिट युवकों के उत्पात को आसपास के लोग चुपचाप देखते रहे। वहीं यह घटना वहां दुकानों पर लगे सीसीटीवी में भी कैद हाे गई है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के दारूगर की पुलिया स्थित अनाड़ी रेस्टोरेंट के सामने कुछ हथियारबंद युवकों ने वहां खड़े होकर कट्टे से फायरिंग की और दुकान के काउंटर में लाते मारी।

युवकों को देख वहां के दुकानदारों की जान आफत में आ गई। बीच बाजार में हुई इस हरकत को लेकर लोगों में दहशत छा गया। युवकों ने कुछ देर वहां उत्पात मचाया और इसके बाद भाग निकले।

बीच सड़क पर कट्टे में राउंड भरता रहा बदमाश : इस दौरान घटना के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कट्टाधारी बदमाश बेखौफ होकर बीच सड़क में हथियार में राउंड लोड करता रहा और उसके बाद उसने फायरिंग भी की। बदमाशों ने करीब तीन राउंड फायर किए और चाट के काउंटर पर लात मारकर दुकानदार को धमकियां भी दीं।

लेकिन मौके की नजाकत को देखते हुए आसपास के लोग खामोश रहे। बताया जाता है कि घटना के बारे में कोतवाली पुलिस को बाद में सूचना दी गई है। पुलिस तक युवकों के सीसीटीवी फुटेज भी पहुंचाए जा रहे हैं। ताकि उनकी पहचान हो सके।

लगातार दूसरी घटना : दुकानदारों के साथ र्दुव्यवहार की लगातार यह दूसरी घटना है। इससे पहले शुक्रवार को किला चौक पर शराब के नशे में कुछ युवकों ने एक ठेले वाले युवक को पटककर मारपीट कर दी थी।

घटना के बाद वहां भीड़ जुट गई। जिसके बाद आरोपित मौके से भाग निकले। इस मामले में पीड़ित ने काेतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें चार आरोपितों को नामजद भी किया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter