महिला चोरों ने थैले में ब्लेड मारकर उड़ा ली नगदी : शोर मचा तब दौड़ा बैंक का सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी में दिखीं संदिग्ध

Datia news : दतिया। बैंक में सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी में बेखौफ महिला चोरों एक वृद्धा का थैला काटकर नगदी पार कर ले गई। चोरी की इस घटना को अंजाम देने के बाद उक्त दोनों महिलाएं तेजी से बैंक के बाहर आई और दौड़ लगाती हुई भाग निकली। इन चोर महिलाओं का सीसीटीवी फुटेज बैंक से मिला है।

जिसके आधार पर पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है। इससे पहले कुछ माह पूर्व एसबीआई में भी दो चोर एक महिला की नगदी लेकर भाग निकले थे। बैंकों में हो रही इस तरह की घटनाओं ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भीड़भाड़ के दौरान इस तरह की घटनाएं ज्यादा होती हैं। रविवार अवकाश के बाद सोमवार को तिगैलिया स्थिति पीएनबी बैंक में भीड़भाड़ थी। इसीका फायदा उठाकर महिला चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया।

जानकारी के अनुसार भदोरिया खिड़की निवासी सावित्री देवी ने झांसी में भर्ती अपने पति के इलाज के लिए बैंक से 50 हजार रुपये निकाले थे। कैश लेने के बाद वह पासबुक में इंट्री करने के लिए दूसरे काउंटर पर पहुंची।

इसी बीच पहले से घात लगाए बैठी महिला चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर महिला के थैले में ब्लेड से कट लगाया और पैसे चुराकर भाग निकली। इस दौरान चोर महिलाओं ने नगदी अपनी शाल में छुपाई और तेज कदमों से बैंक के बाहर निकल गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें दो अज्ञात महिला संदिग्ध नजर आ रही है।

छह माह पहले भी हो चुकी है वारदात : इससे पहले जुलाई माह में गांधी रोड स्थित एसबीआई की शाखा में दो लुटेरों ने एक महिला की नगदी लूटने का प्रयास किया था। इस घटना के बाद बैंक में दहशत फैल गई।

मात्र छह माह पहले घटित हुई इस तरह की वारदात के बाद भी बैंकों में सुरक्षा के इंतजाम पर्याप्त नहीं है। यहां तैनात रहने वाले सुरक्षा गार्ड आने जाने वालों पर नजर बनाए रखने में लापरवाही बरतते हैं। जबकि बैंक के अंदर की गतिविधियों पर निगरानी रखना गार्ड की ड्यूटी में शामिल होता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter