शहर के इमलीपुरा में दो पक्षों में हुई जमकर गोलीबारी, एक युवक घायल, मौके से पुलिस ने जप्त किए कारतूस के खाली खोखे

Datia News : दतिया। शहर में निकाय चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। शांति व्यवस्था को देखते हुए धारा 144 लगाकर सभी शस्त्र जमा कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद गली मोहल्लों में गोलीबारी की घटनाएं घट रही हैं। ऐसा ही एक वाक्या सोमवार शाम को सामने आया। स्थानीय इमलीपुरा में रंजिश के चलते हुए विवाद में की गई फायरिंग से एक युवक घायल हो गया। घटना में घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस ने छानबीन की। पुलिस ने घायल युवक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच में लिया है। जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के रावबाग के पास गोलीबारी की घटना घटित हुई। जिसमें गोली लगने से 22 वर्षीय अरुण यादव नामक युवक घायल हो गया।

गोली के छर्रे युवक के दाएं कान के पास लगे हैं। युवक खतरे से बाहर बताया जाता है। जबकि उसके दोस्त अमित यादव के हाथ की उंगली भी में चोट आई है। युवक ने पुलिस बताया कि उसकी कुछ लोगों से रंजिश चल रही है।फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

बताया जाता है कि इमलीपुरा निवासी रायकवार परिवार के कुछ लोगों का विवाद पड़ोस में रहने वाले यादव और कुशवाहा समाज के लोगों से काफी लंबे समय से चल रहा था।

सोमवार शाम लगभग 5 बजे दोनों पक्षों के लोग आपसी विवाद के चलते भिड़ गए। दोनों ओर से एक-दूसरे पर फायरिंग भी की गई। फायरिंग के दौरान अरुण यादव को गोली के छर्रे लग गए।

जिसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से लगभग 7 से 8 खाली खोखे जप्त किए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी विजय सिंह तोमर ने बताया कि इमलीपुरा में दो पक्षों में फायरिंग हुई है।

जिसमें एक पक्ष के लोगों में अजय रायकवार, छोटू रायकवार, सागर सहित कुछ अज्ञात लोग शामिल है। दूसरे पक्ष से अरुण यादव और कुछ अज्ञात लोग है। घटना में अरुण यादव को गोली लगी है। जिसका इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। घटनास्थल से पुलिस ने सात से आठ खाली कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter