मंदिर में भरी मांग और फिर नदी में लगाई छलांग : होटल संचालक ने प्रेमिका संग दी जान, मौत से पहले बनाया वीडियो

दतिया/मुरैना। मुरैना जिले के नूराबाद क्षेत्र में सोमवार को एक युवक और युवती द्वारा नदी में कूदकर जान देने का मामला सामने आया है। दोनों के शव कई घंटों की तलाश के बाद नदी से बरामद किए गए। घटना से पहले दोनों ने कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे, जिनकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान ग्वालियर में होटल व्यवसाय से जुड़े एक युवक और दतिया जिले की रहने वाली एक युवती के रूप में हुई है। दोनों सोमवार दोपहर नूराबाद क्षेत्र स्थित नदी के पुराने पुल पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ समय तक दोनों पुल के आसपास रुके, बातचीत की और मोबाइल से फोटो एवं वीडियो रिकॉर्ड किए।

घटना से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो : पुलिस को मौके से मिले मोबाइल फोन में कुछ वीडियो मिले हैं। जांच एजेंसियां इन वीडियो की पड़ताल कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने वीडियो में अपने पारिवारिक विवादों का जिक्र किया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

पहचान के बाद परिजनों को दी गई सूचना : घटना के बाद एसडीईआरएफ और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई।

पुराने आपराधिक मामले से भी जुड़ा नाम : जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों का नाम पूर्व में ग्वालियर में सामने आए एक चर्चित होटल ब्लैकमेलिंग प्रकरण में भी आया था। उस मामले में होटल के कमरों में गुप्त कैमरे लगाए जाने और निजी वीडियो के आधार पर लोगों को धमकाने के आरोप लगे थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस प्रकरण में कार्रवाई भी की गई थी।

अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान घटना की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्मघाती कदम उठाने के पीछे वास्तविक कारण क्या थे और क्या इसका संबंध किसी पुराने विवाद या अन्य परिस्थितियों से था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter