सरकारी खजाने की राशि में हेरफेर करने वाले पूर्व सरपंचों पर एफआईआर, स्कूल में कमरे व हाट बाजार निर्माण कार्य की राशि डकारी

Datia News : दतिया । सरकारी राशि में गबन करने के मामले को लेकर दो पूर्व सरपंचों पर केस दर्ज करने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ ने विभाग को दिए हैं। पूर्व में भी दो महिला सरपंचों ने राशि बैंक से निकालने के बाद संबंधित कार्य नहीं कराए थे। इस पर उन दोनों पर पुलिस मामला दर्ज कराए गए थे। गुरुवार को भी दो सरपंचों पर राशि गबन का केस दर्ज कराया गया है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव ने जानकारी में बताया कि राजकुमारी पत्नी देवेंद्र रावत ग्राम पंचायत बेहरुका ने वर्ष 2007-08 में शासकीय प्राथमिक विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए राशि 2 लाख 14 हजार 420 रुपये आहरित की थी।

महिला सरपंच ने ना तो अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया और ना ही राशि वापिस जमा की। इसे लेकर जिला पंचायत द्वारा कई बार सरपंच को नोटिस भी दिए गए। बावजूद इसके जब कोई जबाब नहीं मिला तो एफआइआर कराने के आदेश दिए गए हैं।

इसी तरह ग्राम पंचायत गुर्जरा के पूर्व सरपंच मनोहर कोरी पुत्र दौलत कोरी पर भी एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। सीईओ भार्गव ने बताया कि 2017-18 में मुख्यमंत्री हाट बाजार निर्माण के लिए 4 लाख 72 हजार 300 रुपये की राशि दी गई थी।

ढाई साल बीत जाने के बाद भी यह राशि जमा नहीं कराई गई और ना ही मुख्यमंत्री हाट बाजार निर्माण कराया गया। नोटिस के जवाब भी नहीं दिए। इस संदर्भ में अंतिम कार्रवाई करते हुए पूर्व सरपंचों के खिलाफ शासकीय धन में हेराफेरी और दुरुपयोग के मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter