ग्वालियर : दीपावली की रात आतिशबाजी के दौरान एक जूता फैक्ट्री गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदम पर पटाखा गिरने से यह आग लगी। आगजनी की घटना देर रात 3 से 4 बजे के बीच की बताई जाती है। आग का पता शुक्रवार सुबह 5 बजे उस समय लगा जब गोदाम से आग की लपटें उठती नजर आई।
घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर निकले नगर निरीक्षक हजीरा आलोक सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। तत्काल मौके पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। हादसे के दौरान आग की लपटें उठती देख गोदाम के पास रहने वाले एक भाजपा नेता घबरा गए और जान बचाने के लिए टीन शेड से कूद पड़े। जिससे गिरकर वह घायल हो गए।

फायर ब्रिगेड ने करीब 4 घंटे की मशक्कत और 10 फायर ब्रिगेड पानी डालकर आग पर काबू पाया है। सुरक्षा के लिहाज से गोदाम के दो मंजिला भवन को तोड़ दिया गया है।
जूता फैक्ट्री में आग से लाखों का नुकसान हुआ है।शहर के लश्कर स्थित दही मंडी में पंजाब फुटवियर फैक्ट्री गोदाम है। साथ ही यहां से फुटवियर सेल भी किए जाते हैं। यहां दो मंजिला गोदाम में दीपावली और सहालग को लेकर नया स्टॉक भरा हुआ था। रात करीब 3 से 4 बजे अचानक कोई पटाखा जलता हुआ गोदाम की जाली से अंदर गिरा और आग भड़क गई।
आग लगने का पता उस समय चला, जब आग की लपटें जूता फैक्ट्री गोदाम से बाहर निकलने लगीं। जब लोगों ने आग देखी तो वहां दहशत फैल गई। तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को मामले की सूचना दी गई।
उन्होंने आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट करते हुए घरों से बाहर निकाला।

इसी समय दमकल दस्ता मौके पर पहुंच गया। जूता फैक्ट्री गोदाम के मालिक राजेन्द्र जुनेजा भी स्पॉट पर पहुंच गए। आग बुझाने में 4 घंटे से ज्यादा समय लग गया। आग में जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लाखों रुपए का माल जलकर राख हाे गया है।
जान बचाने को कूदे पड़ोसी भाजपा नेता
जूता फैक्ट्री गोदाम में आग से आसपास दहशत फैल गई। गोदाम के पीछे रहने वाले भाजपा नेता लाला बाबू अग्रवाल के भाई गिर्राज अग्रवाल जान बचाने के लिए टीन शेड से कूद गए। उन्हें हल्की चोट आई है। जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया। उनकी िस्थति ठीक बताई गई है।
वहीं दही मंडी की तंग गलियों में फायर ब्रिगेड को मौके पर तक ले जाना मुश्किल हो गया। तंग गलियों से दमकल दस्ता किसी तरह मौके पर पहुंचा।
दमकल अमले ने आग पर काबू पाने के लिए गोदाम के जिस भवन में था उसे आगे से तोड़ दिया है। वैसे भी आग लगने से मकान जर्जर हो चुका था और कोई हादसा होता उससे पहले ही उसे गिरा दिया गया। करीब एक साल पहले इसी इलाके में एक फोम फैक्ट्री गोदाम में आग लगी थी, जिसमें तीसरी मंजिल पर फंसे बुजुर्ग दंपति जलकर राख हो गए थे।