बड़ौनी थाना क्षेत्र में फिर हुई गोलीबारी : गांव में फैली दहशत, वृद्ध किसान हुआ गंभीर घायल

Datia news : दतिया। जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी से गांव में दहशत फैल गई। घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। वहीं फायरिंग की घटना से एक वृद्ध भी घायल हो गया।

इस मामले में गांव के ही तीन लोगों के नाम पुलिस को पीड़ित पक्ष ने बताए हैं। वहीं पुलिस भी इस बात की खोजबीन में जुटी है कि वृद्ध को गोली लगी है या नहीं।

बड़ौनी थाना अंतर्गत सइदाकलां डेरा में रविवार को देर रात जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग में गोली लगने से एक वृद्ध घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने वृद्ध को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार सइदाकला डेरा निवासी हरिराम जाटव का गांव के ही दूसरे पक्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार रात दूसरे पक्ष के कुछ लोगों की वृद्ध के साथ इस मामले को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद कट्टे से फायरिंग के दौरान गोली हरिराम के पैर में लग गई।

घटना के बाद आरोपित भाग निकले। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गोली गांव के ही विकेंद्र, मोहन सिंह, मेहव सिंह रावत ने चलाई है। इस मामले में बड़ौनी थाना प्रभारी रमेश शाक्य का कहना है कि जमीन को लेकर विवाद हुआ है। घायल का उपचार अस्पताल में जारी है। मामले की जांच की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter