पुणे में दो गिरोहों के बीच हुई गोलीबारी, दो लोगों की मौत, दो घायल, रेस्टोरेंट के बाहर हुई घटना से मची अफरा तफरी

पुणे : महाराष्ट्र के पुणे जिले के उरुली कंचन इलाके में शुक्रवार को दो गिरोहों के बीच हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए । पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार यह घटना उरुली कंचन चौक पर करीब ढाई बजे घटित हुई जब संतोष जगताप नामक व्यक्ति अपने दो सहयोगियों के साथ एक रेस्तरां से बाहर निकल रहा था।

पुलिस उपायुक्त नम्रता पाटिल ने बताया कि चार लोगों ने जगताप पर गोली चला दी। जगताप के एक सहयोगी के पास बंदूक थी और उसने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई जो विपक्षी गिरोह के सदस्य को लग गई।

अधिकारी ने बताया कि इस गोलीबारी के बाद जगताप और विपक्षी गिरोह के घायल सदस्य को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया । पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जगताप के दो सहयोगियों को गोली लगी है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों गुटों में पुरानी रंजिश के कारण यह गोलीबारी हुई है। पुलिस ने बताया कि जगताप का रिकॉर्ड आपराधिक है और उसके खिलाफ हत्या का आरोप था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter