बागुर्दन गांव में यादवों के बीच गोलीबारी, महिलाओं के विवाद पर छिड़ा खूनी संघर्ष, गोली लगने से एक महिला की मौत, दूसरी घायल

Datia News : दतिया। दुरसड़ा थाना क्षेत्र में ग्राम बागुर्दन में बुधवार को पैसों के लेनदेन को लेकर यादव परिवारों के बीच हुई महिलाओं की लड़ाई अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग हथियार लेकर आमने सामने आ गए और एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

इस फायरिंग में जहां एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दूसरे पक्ष की महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से उसे ग्वालियर रेफर किए जाने की जानकारी मिली है। घटना के बाद आरोपित भाग निकले। दोनों पक्षों के बीच रिश्तेदारी भी बताई जाती है। पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण दर्ज किया है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पैसों के लेनदेन और आपसी रंजिश को लेकर बुधवार सुबह रामसहाय यादव की पत्नी मुन्नी और चैनू यादव की पत्नी रामदेवी के बीच आपसी कहासुनी होने लगी। यह मुंहवाद इतना बढ़ा कि दोनों में हाथापाई की नौबत आ गई।

इसी बीच महिलाओं की लड़ाई में दोनों पक्षों के पुरुष भी गुस्से में आपस में भिड़ गए और हथियार लेकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई गोलीबारी में जहां महिला रामदेवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं मुन्नी पत्नी चैनू यादव गंभीर रुप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपित भाग खड़े हुए।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतका और घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर महिला को ग्वालियर रेफर किया गया है।

पुलिस ने इस संबंध में दोनों पक्षों आरोपित पवन, राहुल, संदेश सहित पांच लोगों के विरुद्ध हत्या एवं हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। इस मामले में जहां एक पक्ष से चैनू यादव फरियादी है। वहीं दूसरे पक्ष से घायल महिला मुन्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter