Datia news : दतिया। अपने मौसा के साथ बाइक पर बैठकर जा रही भाजपा नेत्री को घेरकर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। कट्टे से निकली गोली भाजपा नेत्री की जांघ में जा लगी। घायल अवस्था में उन्हें स्वजन अस्पताल लेकर आए। घायल महिला के मुताबिक उस पर भाभी के मायके पक्ष के लोगों ने हमला किया है। जिनके विरुद्ध उसने नामजद रिपोर्ट भी दर्ज कराई है।
रतनगढ़ माता के दर्शन करने जा रही भाजपा नेत्री पर गुरुवार को कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में भाजपा नेत्री नीतू विश्वकर्मा के पैर में गोली जा लगी। इस मामले में भाजपा नेत्री की रिपोर्ट पर इंदरगढ़ पुलिस ने तीन नामजद सहित कुल पांच लोगों पर मामला दर्ज किया है।
बताया जाता है कि महिला नेत्री भी दहेज हत्या के मामले में जमानत पर है। जिसका अपनी भाभी के मायके पक्ष से लगातार विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व भी उक्त महिला नेत्री ने भाभी के मायके पक्ष के लोगों के विरुद्ध मारपीट करने का भी मामला दर्ज कराया था।
जानकारी के अनुसार स्थानीय भांडेर रोड स्थित अटल बिहारी कालोनी निवासी भाजपा महिला मोर्चा उपाध्यक्ष नीतू विश्वकर्मा पत्नी अजय विश्वकर्मा गुरुवार सुबह अपने स्वजन और रिश्तेदार के साथ रतनगढ़ माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। घायल महिला नेत्री ने पुलिस को बताया कि इंदरगढ़ में सेवढ़ा रोड स्थित अन्नू पेट्रोल पंप के पास पहले दो बाइक सवारों ने उसका पीछा किया। फिर बाइक रोककर कट्टे से फायरिंग कर दी।
जिसकी गोली महिला के पैर में लगी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल महिला को स्वजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। इस मामले में घायल महिला ने सीताराम विश्वकर्मा, गुड्डू सेंगर, गुलाब सेंगर सहित दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।

दहेज हत्या के मामले में जमानत पर आई थी बाहर : इधर बताया जाता है कि भाजपा नेत्री नीतू विश्वकर्मा का मायका तालगांव में है। जहां उसके भाई प्रहलाद विश्वकर्मा के साथ खैरीदेवता निवासी सिमरन पुत्री बादाम विश्वकर्मा का विवाह हुआ था। गत नौ जुलाई 2024 को सिमरन की ससुराल में मौत हो गई।
जिस पर मृतका के पिता बादाम की रिपोर्ट पर एसडीओपी स्तर से मामले की जांच के बाद मृतका के ससुर ब्रजकिशोर विश्वकर्मा, पति प्रहलाद विश्वकर्मा, जेठ रिंकू, ननद भाजपा नेत्री नीतू एवं कामिनी व सास ब्रजरानी पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
इस मामले में भाजपा नेत्री नीतू विश्वकर्मा को जमानत मिल गई थी। जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्य अभी जेल में हैं। चर्चा यह भी है कि नीतू अपनी भाभी के मायके पक्ष पर राजीनामे के लिए दबाब बना रही थी।