दतिया जिले में कोरोना का पहला टीका आज लगेगा, पहले चरण में 982 लोगों का होगा वैक्सिनेशन

दतिया. जिले में कुल 3 स्थानों पर कोविड-19 टीकाकरण शनिवार को सुबह 9 बजे से किया जाएगा। पहला टीकाकरण स्वास्थ्य विभाग के सफाई कर्मचारी को लगाया जाएगा। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का टीकाकरण शुभारंभ का लाइव टेलीकास्ट भी हॉस्पिटल में किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त पत्रकार वार्ता में कलेक्टर संजय कुमार और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एसएन उदयपुरिया ने पत्रकारों को कोरोना टीके के बारे में अहम जानकारी दी।

सीएमएचओ डा. एसएन उदयपुरिया ने बताया कि जिले में दतिया मेडिकल कॉलेज और मुख्य चिकित्सालय के साथ ही भांडेर में भी कोरोना वैक्सीन लगाने का कार्य किया जाएगा। पहला टीका स्वास्थ्य विभाग के सफाई कर्मचारियों काे लगाया जाएगा। जिसकी सूचना उसे पोर्टल द्वारा मैसेज कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले को कुल 5010 कोरोना वैक्सीन के डोज प्राप्त हुए हैं। प्रथम चरण में 982 लोगों को यह टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के 10 दिन बाद अगला टीका लगाया जाना है। इसलिए पहले 2250 लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद वही दूसरा डोज उन्हीं 2250 लोगों को लगाया जाएगा। ऐसी स्थिति में कोरोना वैक्सीन प्राप्त नहीं होने की दशा में पहले चरण वाले का वैक्सीनेशन पूरा हो जाएगा। जैसे-जैसे वैक्सीन उपलब्ध होते जाएंगे, वैसे-वैसे कोरोना का टीका सूचीबद्ध लोगों को लगाया जाएगा।

नाम के लिए होगी प्रक्रिया

कोरोना वैक्सीन जिन लोगों को लगाया जाना है, उनके नाम पोर्टल से प्राप्त होंगे। उनका फिजिकल वेरीफिकेशन होगा। उसके बाद पोर्टल पर उस व्यक्ति का नाम चेक किया जाएगा। टीका लगने के बाद उसे ऑब्जर्वेशन रूम में रखकर 30 मिनट तक यह देखा जाएगा कि मरीज को कोई को परेशानी तो नहीं है। सात-आठ लोगों को एक साथ यह टीका लगाया जाएगा। क्योंकि वैक्सीन का कॉटेज खुलने पर उसकी समय सीमा निर्धारित है। अतः वैक्सीन बिल्कुल भी बेकार ना हो इसलिए सात-आठ लोगों को एक साथ टीका लगाया जाएगा। मानक स्तर पर व्यक्ति की टेस्टिंग कर ली गई है। 2 सप्ताह टीकाकरण के लिए वैक्सीन प्राप्त हो गई है।

वैक्सीन का इफेक्ट है, साइड इफेक्ट नहीं : कलेक्टर

कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि कोरोना वैक्सीन का कोई भी साइड इफेक्ट नहीं है। यह बहुत ही सुरक्षित और पर्याप्त प्रयोग के बाद ही जिला अस्पताल तक पहुंचा है। पिछले 10 माह सभी के बहुत संघर्ष में गुजरे हैं। ऐसे में राहत की बात है कि टीका हमारे जिले में पहुंच गया है। देश में किए गए लॉकडाउन से भी बहुत फायदा मिला। इससे संक्रमण नहीं फैला और रिकवरी रेट भी ठीक रहा। उन्होंने बताया कि व्यक्ति को लेकर कोई भी भ्रम की स्थिति नहीं है। इसका असर यह है कि इससे कोरोना समाप्त हो जाएगा। इसका कोई भी साइड इफेक्ट नहीं है। इस अवसर पर मेडिकल कालेज के कम्युनिटी मेडिसिन एचओडी डा. प्रदीप शुक्ला मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. सचिनसिंह यादव तथा टीकाकरण अधिकारी डा. डीके सोनी भी मौजूद थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter