नई दिल्ली। उत्तराखंड के रेल नेटवर्क को बड़ी सौगात देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस की पहली सेवा को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही पहली बार रामनगर और देहरादून के बीच सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू हो गई है। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। नई ट्रेन से कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच रेल संपर्क मजबूत होने के साथ यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और सीधी यात्रा का विकल्प मिलेगा।
सप्ताह में दो दिन चलेगी नई एक्सप्रेस सेवा : रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 15310 प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 15309 देहरादून से दोपहर 3:55 बजे प्रस्थान कर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।
हर वर्ग के यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेंगी सुविधाएं : नई एक्सप्रेस ट्रेन में एसी सेकेंड, एसी थर्ड, एसी चेयर कार, स्लीपर, सेकेंड सिटिंग और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे। इससे छात्र, व्यापारी, किसान, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को एक ही दिन में देहरादून और हरिद्वार तक आने-जाने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
पर्यटन और चारधाम यात्रा को भी मिलेगा बढ़ावा : रेल मंत्रालय का मानना है कि इस नई सेवा से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, गिरिजा देवी मंदिर, सीतावनी क्षेत्र सहित कई प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। वहीं हरिद्वार और देहरादून के माध्यम से बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
उत्तराखंड में रेलवे विकास कार्यों को मिली नई गति : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राज्य में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर, काठगोदाम, रामनगर, रुड़की, टनकपुर समेत 11 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना भी तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई रेल सेवा को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य में रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन सहित कई बड़ी परियोजनाएं प्रदेश के आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास को नई दिशा देंगी। साथ ही उत्तराखंड को रेलवे विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

