दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनावी प्रक्रिया अब नए चरण में पहुंच गई है। नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन गुरुवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर उपचुनाव के पहले आधिकारिक उम्मीदवार बनने का दावा पेश किया। उन्होंने अपने प्रस्तावक एवं भाई केशव यादव के साथ कलेक्ट्रेट स्थित तहसील कार्यालय पहुंचकर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन जमा किया।
‘केतली’ चुनाव चिन्ह पर लड़ेंगे चुनाव : नामांकन दाखिल करने के बाद दामोदर सिंह यादव ने कहा कि उनकी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरी है और वे पूरी तैयारी के साथ विधानसभा उपचुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा उनकी पार्टी को ‘केतली’ चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है, जिस पर वे मतदाताओं से समर्थन मांगेंगे।
नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था रही सख्त : नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही नामांकन स्थल तक प्रवेश दिया गया। समर्थकों और अन्य लोगों को मुख्य प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया गया, जबकि परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।
अब अन्य दलों के प्रत्याशियों पर नजर : गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य दलों के संभावित उम्मीदवार पहले ही नामांकन पत्र खरीद चुके हैं, लेकिन गुरुवार तक आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव पहले ऐसे उम्मीदवार बने हैं जिन्होंने औपचारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल किया है। आने वाले दिनों में प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के भी नामांकन दाखिल होने की संभावना है, जिससे दतिया का चुनावी माहौल और अधिक गर्माने की उम्मीद है.
उपचुनाव की प्रक्रिया जारी : निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया निर्धारित तिथि तक जारी रहेगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव प्रचार का दौर शुरू होगा। ऐसे में आगामी दिनों में दतिया विधानसभा उपचुनाव की राजनीतिक गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है।

