युवक पर फायरिंग करने वाले 5 आरोपी दबोचे : 315 बोर के दो कट्टे बरामद, पुलिस ने बाजार में निकाला जुलूस

दतिया (उनाव)। उनाव थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव में यात्री प्रतीक्षालय के पास युवक पर जानलेवा हमला कर दहशत फैलाने वाले पांचों आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 315 बोर के दो अवैध कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कानून का खौफ कायम करने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का बाजार में पैदल जुलूस निकाला।

चोरी की पूछताछ पर मंदिर परिसर में दागी थीं गोलियां : मामले के अनुसार, 4 सितंबर को जनकपुर निवासी सत्यम यादव (22) का टुल्लू मोटर चोरी के संदेह को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था। सत्यम जब गांव के हनुमान मंदिर स्थित यात्री प्रतीक्षालय में अपने परिजनों के साथ बैठा था, तभी हथियारबंद आरोपियों ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से कट्टे से सीधी फायरिंग झोंक दी थी। फरियादी के बाल-बाल बचने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी।

घेराबंदी कर 5 आरोपियों को दबोचा, अवैध हथियार बरामद : फरियादी की शिकायत पर उनाव थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया:

  • गिरफ्तार आरोपी : राजा गुर्जर, हिमांशु सेन, राज गुर्जर, दीपेश परिहार और आदर्श सेन।

  • बरामदगी : आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 315 बोर के दो देशी कट्टे और दो जिंदा राउंड जब्त किए हैं।

दहशतगर्दों का बाजार में निकाला पैदल जुलूस : उनाव थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अंशुल अरोरा के नेतृत्व में पुलिस बल ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने से पूर्व कस्बे के मुख्य बाजार में पैदल जुलूस निकाला, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा हो और असामाजिक तत्वों में कानून का डर बैठे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य बिंदुओं और फरार संदिग्धों की भूमिका को लेकर भी विस्तृत जांच जारी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter