दतिया । पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस 25 दिसम्बर के एक दिन पूर्व 24 दिसम्बर को सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर सुशासन दिवस मनाया गया। सुशासन दिवस के अवसर पर जिले में अधिकारियों, कर्मचारियों को कार्यालय प्रमुखों द्वारा अपने-अपने कार्यालयों में सुशासन दिवस की शपथ दिलाई गई। कलेक्टर संजय कुमार ने न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में सुशासन दिवस के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई। इससे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी द्वारा स्थापित सुशासन के उच्चतम मापदण्डों को अपनी कार्यशैली में शामिल कर जो कार्य उन्हें सौंपा जाए उसे समय सीमा में पूरी पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ संपादित करें। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा कार्य करते वक्त समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को ध्यान में रखकर कार्य करना है। जिससे आम व्यक्ति में शासन एवं प्रशासन के प्रति और अधिक विश्वास बढे़गा।
पांच अभियानाें की गई शुरूआत
कलेक्टर ने कहा कि सुशासन दिवस के मौके पर जिले के नागरिकों को विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर सेवाएं एवं सुविधाएं प्राप्त हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल कर पांच अभियान शुरू किए गए है। जिसमें मुख्य रूप से महिला एवं बाल विकास द्वारा कुपोषित बच्चों को कुपोषण से दूर करने के लिए ”मेरा बच्चा”, स्कूलों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं की समस्याओं के निराकरण के लिए ”बेटी की पेटी”, एसआरएलएम एवं एनआरएलएम के महिला स्वसहायता समूहों को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के माध्यम से हैण्डपंप मैकेनिक का प्रशिक्षण देकर आत्म निर्भर बनाना शामिल है।
जबकि जन सामान्य की समस्याओं का समाधान सम्मान के साथ हो इसके लिए न्यू कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 9 में निदान केन्द्र स्थापित किया गया है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम छोर के पांच व्यक्तियों के पास अधिकारियों द्वारा पहुंचकर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत की जानकारी लेना है।

