मंदिर में बैठकर पेट्रोल पंप लूटने की साजिश रच रहे थे 5 बदमाश : दतिया पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, कट्टे, कारतूस और कार बरामद

दतिया। जिले के भगुवापुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धार्मिक स्थल की आड़ में डकैती की बड़ी साजिश रच रहे पांच शातिर बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी आलमपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप को लूटने की फिराक में थे और वारदात को अंजाम देने से पहले रामपुरा खुर्द स्थित प्रसिद्ध बीजासेन माता मंदिर परिसर की एक झोपड़ी में बैठकर योजना तैयार कर रहे थे।

पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे, दो जिंदा राउंड, ताला तोड़ने वाले लोहे के सब्बल, कटर और एक वेन्यू कार जब्त की है। आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों के सुराग भी मिले हैं।

मुखबिर की सूचना पर चार थानों की पुलिस ने डाला डेरा : पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार, 9 सितंबर की रात मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि रामपुरा खुर्द के बीजासेन मंदिर परिसर में कुछ संदिग्ध हथियारबंद युवक किसी बड़ी डकैती को अंजाम देने के इरादे से जमा हुए हैं।

सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए भगुवापुरा, लांच, थरेट और अटरेटा थाने का संयुक्त पुलिस बल गठित किया गया। पुलिस टीमों ने मंदिर परिसर को चारों तरफ से घेरते हुए झोपड़ी पर अचानक छापा मारा और भागने का प्रयास कर रहे पांचों युवकों को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची:-

1. निखिल रायपुरिया (20 वर्ष)
2. रानू जाटव (19 वर्ष)
3. आर्यन शर्मा (24 वर्ष)
4. आर्यन राठौर (22 वर्ष)
5. अंशुल राजपूत (21 वर्ष)

पंडोखर तार चोरी कांड में भी सामने आई संलिप्तता  : पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके निशाने पर आलमपुर मार्ग का एक व्यस्त पेट्रोल पंप था, जिसे वे देर रात लूटने वाले थे। इसके अलावा आरोपियों ने पंडोखर थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई बिजली के तारों की चोरी की वारदात में भी अपना हाथ होना कबूल किया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और क्षेत्र की अन्य अनसुलझी वारदातों के संबंध में इनसे सघन पूछताछ जारी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter