दो मकान ढहने से मलबे में दबे पांच लोग : गंभीर हालत में लाया गया अस्पताल, घायलों को अस्पताल देखने पहुंचे विधायक

Datia news : दतिया। तेज आंधी और बारिश के चलते इंदरगढ़ तहसील के थरेट क्षेत्र के गांव बरसिंगपुरा और बरा में दाे मकानों की छत ढह गई। इस हादसे में करीब पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना जिस वक्त हुई तब आसमान में बिजली गरज रही थी। जिसकी तेज आवाज ने भी इन मकानों को हिलाकर रख दिया। गनीमत यह रही कि इसमें किसी की जान नहीं गई। सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से इंदरगढ़ अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दतिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मौसम में बदलाव का असर पुराने पेड़ों पर भी पड़ा। तेेज आंधी ने कई पेड़ों को उखाड़ दिया। जो बीच सड़क पर आ गिरे। जिससे आम रास्तों का आवागमन कुछ देर के लिए थम गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम बरसिंगपुरा निवासी कल्याण उर्फ कल्लू जाटव अपनी पत्नी लक्ष्मी और दो बच्चे आर्यन और अंकित के साथ घर में था। तभी तेज हवा और बारिश के दौरान तेज आकाशीय बिजली गरजने से उसके मकान की छत की पटिया टूटकर नीचे आ गिरी।

अचानक हुए इस हादसे में परिवार के चारों सदस्य पटियों के नीचे दबकर घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे सभी घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। वहीं ग्राम बरा में भी दो मंजिला मकान की छत गिरने से उसमें दबकर एक अधेड़ विकास श्रीवास्तव पुत्र गिरजाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

Banner Ad

वहीं घटना के बारे में इंदरगढ़ नायब तहसीलदार सुनील भदौरिया ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण मकानों की छत गिरने की घटना प्रथम दृष्टया सामने आई है। इस संबंध में संबंधितों को जांच के लिए मौके पर भेजा गया है। जिसके बाद नुकसान आदि की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

आंधी से गिरे कई पेड़ : बुधवार दोपहर तेज आंधी के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ। इस दौरान थरेट क्षेत्र के ग्राम कंजौली, कुदारी, सेंथरी, परसौदा गुर्जर मार्ग सहित करीब आधा दर्जन गांवों में कई पेड़ टूटकर रोड पर आ गिरे। जिसके कारण कुदारी और परसौदा गुर्जर मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन अवरुद्ध हो गया।

इस दौरान जेसीबी की मदद से पेड़ों को रास्ते हटवाकर किनारे कराया गया। वहीं कुछ जगह ग्रामीणों ने ही मशक्कत कर पेड़ों को रास्ते से हटाया।

घायलों को अस्पताल देखने पहुंचे विधायक : इस घटना में घायल हुए लोगों का हाल जानने सेवढ़ा क्षेत्र के विधायक घनश्याम सिंह अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने सभी घायलों के बारे में अस्पताल के चिकित्सकों से जानकारी ली।

साथ ही हर घायल से मिलने गए। जहां विधायक ने उन्हें शीघ्र स्वस्थ्य होने का भरोसा भी दिलाया। इधर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामकिंकर गुर्जर भी कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने भी घायलों का हालचाल जाना।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter