नई दिल्ली : अमेरिकी रिटेलिंग दिग्गज वालमार्ट नियंत्रित फ्लिपकार्ट ने 3.6 अरब डॉलर (करीब 26,806 करोड़ रुपये) जुटाए हैं। यह रकम वालमार्ट, सॉफ्टबैंक, सिंगापुर की जीआइसी पीटीई तथा कई अन्य सरकारी वेल्थ व पेंशन फंड से जुटाई गई है। इसके बाद कंपनी का मूल्य 37.6 अरब डॉलर (करीब 2,78,200 करोड़ रुपये) हो गया है।
पिछले वर्ष जब कंपनी ने वालमार्ट से 1.2 अरब डॉलर जुटाए थे, तब उसका मूल्य लगभग 25 अरब डॉलर लगाया गया था। इस लिहाज से करीब एक वर्ष में कंपनी का मूल्य लगभग 50 फीसद बढ़ चुका है।
एक बयान में फ्लिपकार्ट ने कहा कि टेंसेंट होल्डिंग्स लिमिटेड, ब्लैकस्टोन ग्रुप समर्थित अंतरा कैपिटल, अबू धाबी के सॉवरेन वेल्थ फंड एडीक्यू, कतर इंवेस्टमेंट अथॉरिटी और कनाडा पेंशन प्लान इंवेस्टमेंट बोर्ड (सीपीपी इंवेस्ट्स) ने कंपनी में निवेश किया है।
आइपीओ लांच करने की प्रक्रिया में जुटी फ्लिपकार्ट में इस नवीनतम निवेश से कंपनी को अमेजन इंक, मुकेश अंबानी नियंत्रित जियोमार्ट और टाटा ग्रुप से स्पर्धा करने में बड़ी मदद मिलेगी।
इस बीच, सूत्रों के अनुसार कंपनी अपने कर्मचारियों को इंप्लॉई स्टॉक ऑप्शन के तहत आवंटित शेयरों में से करीब 600 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बायबैक भी करेगी।


