दतिया । श्रीराम मंदिर निर्माण में सहयोग देने के लिए मुस्लिम समुदाय के प्रतिष्ठित लोग भी आगे आ रहे हैं। गंगा जमुनी तहजीब के लिए प्रसिद्ध दतिया में हिंदू मुस्लिम सौहार्द की हमेशा से ही मिसाल रही है। इसी कड़ी में मकर संक्रांति के मौके पर ठेकेदार सादिक खान सद्दन ने राम मंदिर निर्माण समर्पण निधि में अपनी ओर से निधि संग्रहकर्ताओं को एक लाख रुपये का चैक भेंट किया। इस मौके पर केदार सिंह गुर्जर, रामबिहारी दुबे, अविरल गुप्ता, योगेश सक्सेना, शिवराज सिंह जाट, सतीश पचौरी आदि मौजूद रहे। सद्दन ठेकेदार पूर्व में भी समाज हित के कार्यों में लगातार अपना योगदान देते रहे हैं। उनके सहयोग पर गणमान्यजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
शहर में किलेदार परिवार समाजसेवी कार्यों के लिए जाना जाता है। ठेकेदार सादिक खान, उनके भाई पार्षद तारिक किलेदार एवं मम्मू किलेदार ने अपने सहयोगियों के साथ कोरोना काल के दौरान भी गरीब एवं असहाय लोगों को भोजन, कपड़े आदि का वितरण कर संकट के दौर में निस्वार्थ भाव से मदद पहुंचाई थी। उस दौरान बाहर से आने वाले मजदूर और गरीब वर्ग के सैकड़ों लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका अदा कर मानवता का उदाहरण पेश किया था। शहर के अन्य समाज हित के कार्यों में भी सद्दन ठेकेदार बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं। गैर हिंदू होने के बाद भी सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए उनके द्वारा राम मंदिर निर्माण में समर्पण निधि के तौर पर किया गया सहयोग अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक बनेगा।
