पूर्व विधायक कमलापत आर्य ने छोड़ी कांग्रेस : भाजपा में हुए शामिल, डा.नरोत्तम मिश्रा साथ रहे मौजूद

Datia news : दतिया। लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही पार्टियां बदलने का दौर फिर से शुरू हो गया है। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी जमकर दल बदल हुआ था। इस बार 4 जनवरी गुरुवार को भांडेर क्षेत्र के पूर्व विधायक कमलापत आर्य पांच साल बाद फिर से भाजपा में शामिल हो गए।

पूर्व विधायक आर्य को भोपाल में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा भी मौजूद रहे। पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के साथ ही कमलापत आर्य भाजपा कार्यालय पहुंचे थे।

जहां उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा में शामिल होते ही कमलापत आर्य ने कांग्रेस पार्टी के पास देश को आगे ले जाने का कोई विजन न होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहाकि कांग्रेस पार्टी में लोकतंत्र नहीं है।

उल्लेखनीय है कि कमलापत आर्य भांडेर से दो बार विधायक रह चुके हैं। कमलापत आर्य पहली बार कांग्रेस के टिकिट से 1980 में यहां से विधायक चुने गए। लेकिन इसके बाद कांग्रेस छोड़ वह वर्ष 2002 में भाजपा में शामिल हो गए।

वर्ष 2003 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने आर्य को टिकिट दिए। जिस पर जीतकर वह फिर से विधानसभा में पहुंचे थे। काफी लंबे समय भाजपा में रहने के बाद आर्य का मोहभंग हुआ और उन्होंने फिर से 2018 में कांग्रेस में वापिसी कर ली। इस दौरान उन्होंने इंदौर में राहुल गांधी के समक्ष पार्टी की सदस्ता ग्रहण की। उस समय उन्होंने भाजपा पर भी आरोप लगाते हुए कहा था कि पार्टी ने उन्हें हमेशा हाशिए पर रखा।

2023 में टिकट न मिलने से थे नाराज : इधर हाल ही में वर्ष 2023 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से टिकट पाने के लिए पूर्व विधायक आर्य ने भांडेर क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी थी।

लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट देने के बजाय फूलसिंह बरैया को मैदान में फिर से उतार दिया। इस बात को लेकर असंतुष्ट चल रहे आर्य ने लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही फिर से राजनैतिक संभावना तलाशते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter