यादव समाज के कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा : “नंद के आनंद भयो” गाकर बढ़ाया उत्साह, विशाल चल समारोह में हुए शामिल !

दतिया। गोविंद मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर यादव समाज द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान डॉ. मिश्रा ने ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ का उद्घोष व गायन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिभाव से सराबोर कर दिया।

बड़ा व्यक्ति वही जो हर वर्ग को साथ लेकर चले : डॉ. मिश्रा : समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन मानवता के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा, “इस संसार में यदि कोई परिपूर्ण और संपूर्ण है, तो वे केवल भगवान श्रीकृष्ण हैं। उन्होंने बचपन जिया तो ऐसा जिया कि आज भी हर मां अपने बालक में कन्हैया की छवि देखती है। उन्होंने शिशुपाल की 100 गलतियों को क्षमा कर सहनशीलता की मिसाल दी और कुरुक्षेत्र में संपूर्ण विश्व को गीता का दिव्य ज्ञान दिया।”

डॉ. मिश्रा ने कहा कि हमें केवल भगवान के भजनों और गीतों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों और पदचिह्नों पर चलकर धर्म व सत्य के मार्ग को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक रूप से बड़ा व्यक्ति वही है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चले और आपसी सौहार्द बनाए रखे।

विशाल चल समारोह में समाजजनों संग की कदमताल : धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत बड़े गोविंद मंदिर परिसर से यादव समाज द्वारा एक भव्य एवं विशाल चल समारोह निकाला गया। पूर्व गृहमंत्री डॉ. मिश्रा ने चल समारोह में कदमताल करते हुए समाजजनों का उत्साहवर्धन किया। ढोल-नगाड़ों की थाप और गगनभेदी धार्मिक जयकारों के बीच निकले इस चल समारोह में यादव समाज के वरिष्ठजन, युवा व बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter