पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने 526 परिवारों को सौंपे आवासीय पट्टे : बोले- हर गरीब परिवार का सपना होता है अपना घर

दतिया। नगर पालिका परिषद परिसर में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने 526 परिवारों को आवासीय पट्टों का वितरण किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 38 हितग्राहियों को पहली किस्त की राशि भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में हितग्राही और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। आवासीय पट्टे मिलने के बाद कई परिवारों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया।

गरीब परिवारों के सपनों को मिल रहा सहारा : कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हर गरीब परिवार का सपना होता है कि उसके पास अपनी जमीन और पक्की छत हो। सरकार लगातार इसी दिशा में काम कर रही है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर ऐसी योजनाओं को जमीन पर उतार रही हैं, जिनसे गरीब और पात्र परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि आवासीय पट्टा केवल जमीन का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह परिवार की सुरक्षा, आत्मसम्मान और स्थायी भविष्य की पहचान है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से हजारों लोगों को पक्के घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।

हितग्राहियों के चेहरे पर दिखी खुशी : कार्यक्रम के दौरान जैसे ही हितग्राहियों को पट्टे और स्वीकृति प्रमाण पत्र सौंपे गए, कई परिवार भावुक नजर आए। लोगों ने कहा कि वर्षों से अपने घर और जमीन का सपना देख रहे थे, जो अब पूरा होता दिखाई दे रहा है। कई महिलाओं ने इसे अपने परिवार के लिए नई शुरुआत बताया।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहली किस्त मिलने वाले हितग्राहियों ने भी खुशी जताई और कहा कि अब उन्हें अपना पक्का घर बनाने में मदद मिलेगी।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद : इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला, नपा उपाध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश सक्सेना, पार्षद गोविंद ज्ञानानी, अक्कू दुबे, रिंकू दुबे, स्वच्छता प्रभारी अनुपम पाठक, कानू तिवारी, तारिक किलेदार, ब्रजेश दुबे सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter