दतिया : जिले की राजनीति में मंगलवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता कर भाजपा पर भ्रामक प्रचार करने के आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा अपने ही समर्थकों को कांग्रेस कार्यकर्ता बताकर राजनीतिक भ्रम की स्थिति बनाने की कोशिश कर रही है। साथ ही, संभावित विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी नेताओं ने अपनी स्थिति स्पष्ट की।
प्रेसवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने आरोप लगाया कि भाजपा बिना प्रमाण के लोगों को कांग्रेस से जुड़ा बताकर प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं, तो संबंधित सदस्यता के प्रमाण सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने इसे राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास बताया।
इस दौरान हाल के दिनों में राजनीतिक दल बदल और संभावित उपचुनाव की चर्चाओं पर भी सवाल उठे। प्रेसवार्ता में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उपचुनाव को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन पार्टी संगठन हर स्थिति के लिए तैयार है।
सबसे अहम बयान सेवढ़ा के पूर्व विधायक घनश्याम सिंह का रहा। संभावित विधानसभा उपचुनाव में उनके प्रत्याशी बनने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में उपचुनाव होते भी हैं, तो वह दतिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी नहीं होंगे और न ही टिकट के लिए किसी तरह का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक सक्रियता और प्राथमिकता सेवढ़ा क्षेत्र तक सीमित है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया और संवैधानिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। पार्टी का दावा है कि यदि भविष्य में चुनावी परिस्थितियां बनती हैं, तो कांग्रेस संगठन मजबूती के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार रहेगा।

