सरकारी राशि के दुरुपयोग के आरोप में पूर्व सरपंच गिरफ्तार, सर्व शिक्षा अभियान की राशि हड़पने का है मामला

दतिया। सरकारी राशि का दुरुपयोग करने के मामले में सेवढ़ा जनपद की ग्राम पंचायत विजौरा के पूर्व सरपंच मुन्नालाल बघेल को डीपार पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। पूर्व सरपंच पर धारा 92 के तहत कार्रवाई की गई है। इस मामले में वारंट जारी किया गया था। पूर्व सरपंच पर सर्व शिक्षा अभियान की राशि हड़पने का आरोप है। जेल वारंट जारी होने के बाद डीपार पुलिस ने शुक्रवार को यह गिरफ्तारी की।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत विजौरा में सर्वशिक्षा अभियान के दौरान वर्ष 2009-10 एवं 2010-11 में प्राथमिक स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए दी गई राशि में से सरपंच ने आधी राशि का ही उपयोग कर निर्माण कार्य कराया, जबकि शेष राशि का दुरुपयोग कर लिया। इस मामले में जब उपयंत्री जिला शिक्षा केंद्र दतिया द्वारा प्रस्तुत माप पुस्तिका में कार्य का मूल्यांकन किया गया तो उक्त िस्थति पाई गई। जिसे संज्ञान में लेते हुए पूर्व सरपंच मुन्नालाल पर 3 लाख 2 हजार की वसूली योग्य राशि निकाली गई। जिसे जमा कराने के लिए धारा 92 के तहत नोटिस जारी किया गया । राशि जमा कराने के लिए पूर्व सरपंच को समय भी दिया गया। प्रकरण को लेकर लगातार पेशी होने के बाद भी सरपंच द्वारा राशि जमा न किए जाने पर जेल वारंट जारी किया गया था। जिसके पालन में यह गिरफ्तारी की गई है।

इनका कहना है

धारा 92 के तहत जिले के 34 सरपंचों के विरुद्ध जेल वारंट जारी किए गए थे। जिनके पालन में यह कार्रवाई की गई है। उक्त सरपंच पर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग करने का आरोप है। – ओएन गुप्ता, सीईओ जनपद पंचायत सेवढ़ा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter