अमेठी में 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, खेत में खून से मिली लथपथ, दो दिन तक रही बेहोश

अमेठी (उप्र) : जिले के थाना क्षेत्र अमेठी के एक गांव मे 11 वर्षीय बालिका से कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार बालिका 23 नवंबर को बकरी चराने खेत में गयी थी जहां पर गांव के ही एक युवक ने उससे बलात्कार किया। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता की मां ने कहा है कि घटना के दिन उसकी बेटी खेत से घर पहुंचते ही बेहोश हो गयी, जिसे इलाज के लिए जिला प्रतापगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शिकायत के मुताबिक दो दिन बाद होश में आने पर उसने अपने साथ हुई घटना मां को बतायी। इसके बाद उसकी मां ने बृहस्पतिवार को अमेठी थाने में आरोपी के ख़िलाफ़ नामज़द तहरीर दी।

अमेठी के पुलिस उपाधीक्षक अर्पित कपूर ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) समेत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Written & Source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter