आधी रात को महिला के घर में घुसकर चार लोगों ने किया गैंगरेप, रिपोर्ट दर्ज करने में पुलिस ने की देरी

Datia News : दतिया । गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम उचाड़ निवासी महिला के साथ गत 25-26 मई की दरम्यानी रात चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म कर दिया। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। गोराघाट पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। महिला उप निरीक्षक को मामले की जांच सौंपी गई है। इस घटना के एक सप्ताह बाद मामला दर्ज किए जाने को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिंह उठने लगे हैं।

गोराघाट थाना प्रभारी कमलकांत गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत 25-26 मई की दरम्यानी रात 2 बजे थाना क्षेत्र के ग्राम उचाड़ की महिला के साथ उसके घर में घुसकर आरोपित कालू साहू, मुकुल केवट, किशन बघेल तथा नीरज केवट निवासी उचाड़ ने सामूहिक दुष्कर्म कर दिया। इस दौरान महिला घर में अकेली थी। घटना के बाद महिला को गंभीर हालत में छोड़कर वहां से आरोपित भाग निकले। इस दौरान आरोपितों ने उस महिला को धमकाया और घटना की जानकारी किसी को उेने पर जान से मार डालने की धमकी दी।

इसके बाद पीड़ित महिला लगातार तीन दिन से थाना गोराघाट के चक्कर लगा रही थी। जब सोशल मीडिया पर गोराघाट पुलिस द्वारा रिपोर्ट नहीं लिखे जाने की बात ने तूल पकड़ा तो जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद एसडीओपी ने बड़ौनी थाने की महिला उपनिरीक्षक शाक्य को मामले की जांच सौंपी। जांच में पाया गया कि उक्त चारों आरोपित 25-26 की दरम्यानी रात 2 बजे महिला के घर में घुसे थे और उन्होंने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद गोराघाट पुलिस ने गुरुवार देर शाम धारा 376 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। चारों आरोपित घटना के बाद से फरार है। महिला पुलिस अधिकारी अब मामले की जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter