पीएम मोदी ने राष्ट्र को समर्पित कीं 7 रक्षा कंपनियां, पिस्टल से लेकर फाइटर प्लेन तक बनाएंगी

नईदिल्ली : ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड (OFB) को भंग कर 7 नई कंपनियों का गठन किया गया है। सरकार के इस कदम से हथियारों के इम्पोर्ट में कमी आ सकेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजयदशमी के मौके पर 7 नई डिफेंस कंपनियां राष्ट्र को समर्पित कीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए कहाकि पांच साल में डिफेंस एक्सपोर्ट बढ़ा है। रक्षा कंपनियों को अपग्रेड किए जाने की जरूरत थी। रक्षा क्षेत्र में जो 7 नई कंपनियां उतरने जा रही हैं, वो समर्थ राष्ट्र के उनके संकल्पों को और मजबूती देंगी।

जिन सात नई रक्षा कंपनियों को शामिल किया गया है, वे हैं म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL), आर्म्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (AVANI), एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (AWE India), ट्रूप्स कम्फर्ट्स लिमिटेड (TCL), यंत्र इंडिया लिमिटेड (YIL), इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (IOL), ग्लिडर्स इंडिया लिमिटेड (GIL)। इन कंपनियों में पिस्टल से लेकर फाइटर प्लेन तक बनाया जाएगा।

एक दिन पहले प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया था कि सरकार डिफेंस सेक्टर में सुधार लाने के लिए ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड (OFB) को एक विभाग से सात पूर्ण सरकारी स्वामित्व वाली कॉर्पोरेट संस्थाओं में बदलने जा रही है।

इस मौके पर पीएम ने कहाकि 41 ऑर्डिनेन्स फैक्ट्रीज़ को नए स्वरूप में किए जाने का निर्णय, 7 नई कंपनियों की यह शुरुआत, देश की इसी संकल्प यात्रा का हिस्सा हैं। ये निर्णय पिछले 15-20 साल से लटका हुआ था। मुझे पूरा भरोसा है कि ये सभी सात कंपनियां आने वाले समय में भारत की सैन्य ताकत का एक बड़ा आधार बनेंगी।

मोदी ने कहाकि वर्ल्ड वॉर के समय भारत की ऑर्डिनेन्स फैक्ट्रियों का दम-खम दुनिया ने देखा है। हमारे पास बेहतर संसाधन होते थे, वर्ल्ड क्लास स्किल होता था। आजादी के बाद हमें इन फैक्ट्रियों को अपग्रेड करने और नई टेक्नोलॉजी को अपनाने की जरूरत थी, लेकिन इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया।

इस घोषणा के बाद जहां एक कंपनी एम्युनेशन और एक्सप्लोसिव्स की जरूरतों को पूरा करेगी, तो दूसरी कंपनी आर्मी व्हीकल मैन्युफेक्चर करेगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!