19 फरवरी को पूरे प्रदेश में होगा पौध-रोपण : पिछले 2 साल से निरंतर जारी है संकल्पपूर्ति का अनुष्ठान


भोपाल  : अंकुर अभियान में 19 फरवरी 2023 को पूरे प्रदेश में पौध-रोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण-संरक्षण और वातावरण में ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से 19 फरवरी 2021 को प्रतिदिन पौध-रोपण करने का संकल्प लिया था। मुख्यमंत्री  चौहान का यह संकल्प अविरल जारी है। लोग और संस्थाएँ भी उनके इस महान उद्देश्य में जुड़ते जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री चौहान की उपस्थिति में पर्यावरण विभाग का राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल में होगा। इसमें मुख्यमंत्री के साथ अंकुर अभियान में पौध-रोपण करने वालों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। इस दिन विकास यात्रा के आरंभ स्थल पर सामुदायिक पौध-रोपण, ग्राम पंचायतों के चिन्हित स्थान और स्कूल-कॉलेजों में पौध-रोपण के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख सचिव पर्यावरण  गुलशन बामरा ने सभी संभागायुक्त और जिला कलेक्टर्स को सामुदायिक पौध-रोपण की तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आम लोगों को पौध-रोपण की सुविधा के लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन और पौध-रोपण के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter