सराफा दुकान को निशाना बना रहे चोर गिरोह : दो माह बाद फिर हुई चोरी, झांसा देकर पांच लाख के जेबरात किए पार

Datia news : दतिया। एक बार फिर चोर गिरोह ने शहर की सराफा दुकान को निशान बना लिया। इस दौरान दो चोर अपनी महिला साथी के साथ ज्वेलर्स के यहां पहुंचे थे। जहां बातों में उलझाकर उन्होंने दुकान के काउंटर में रखी जेबरात की पुडिया पार कर दी। उसमें सोने के पांच लाख कीमत के जेबर थे। जिसे लेकर चोर दुकानदार की आंखों के सामने रफूचक्कर होने में सफल हो गए।

इससे पहले दो माह पूर्व भी इंदरगढ़ के प्रसिद्ध गुलाबचंद्र सराफ की दुकान से भी दो महिला चोर सोने के जेबरात पार कर ले गई थी। करीब 50 हजार कीमत के जेबरात बाद में पुलिस ने जब्त कर ग्वालियर निवासी महिला चोरों को पकड़ा था। मजेदार बात यह है कि दोनों ही मामलों में झुमकी दिखाने के दौरान ही घटना घटी।

इससे पहले भी महिला चोर इंदरगढ़ सराफा दुकान से झुमकी ही चाेरी कर ले गई थीं। इस बार भी चोरों के साथ आई महिला दुकान पर झुमकी ही देख रही थी।

दतिया शहर के बड़ा बाजार स्थित जड़िया ज्वेलर्स की दुकान से दो अज्ञात लोग एक महिला के साथ वहां से सोने का पैकेट लेकर चंपत हो गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जिसमें महिला और दोनों युवकों का चेहरा स्पष्ट नजर आ रहा है। घटना की खबर पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। दुकान संचालक ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिया है।

घटना के संबंध में दुकान संचालक कुलदीप जड़िया ने बताया कि दो लोग सोमवार को जेबरात खरीदने उनकी दुकान पर आए थे। इस दौरान उनके साथ एक महिला भी थी।

इस दौरान झुमके खरीदने की बात कहते हुए उन्होंने दुकान में डिजाइन देखना शुरु कर दिए। जेबरात देखने के दौरान बातचीत में दुकान संचालक को उलझाकर उक्त लोगों में से एक ने काउंटर के पीछे रखे सोने के जेबरात की पुड़िया पर हाथ साफ कर दिया। जिसके बाद वह सभी दुकान से उठकर चल दिए।

उनके जाने के बाद जैसे ही दुकान संचालक ने सोने के जेबरात की पुडिया तलाश की, जो गायब थी। काफी तलाश के बाद भी न मिलने पर उन्हें चोरी की शंका हुई। जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज चैक किए गए। जिसमें उक्त लोग पुडिया चुराते हुए नजर आए। चोरी गए जेबरातों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।

घटना की खबर पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने वहां लगे आसपास के सीसीटीवीकैमरों के फुटेज भी खंगाले हैं। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही उक्त चोर पकड़ लिए जाएंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!