Datia news : दतिया। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर मंगलवार शाम दतिया पहुंचे। अपने अल्प प्रवास के दौरान उन्होंने विश्वप्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में मां बगुलामुखी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। साथ ही ठीक आठ बजे धूमावती माई की आरती में शामिल हुए।
उनके आगमन से पीठ परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं उत्साह का माहौल देखने को मिला। हालांकि ऐनवक्त तक गंभीर के दतिया दौरे के बारे में किसी को भनक नहीं थी।
पीठ प्रबंधन के पास भी भोपाल से उनके पहुंचने से कुछ समय पहले ही सूचना आई। जिसके बाद पीठ पर सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए गए।
जानकारी के अनुसार गौतम गंभीर शाम करीब 7.45 बजे ग्वालियर से कार द्वारा दतिया पहुंचे। पीठ पहुंचते ही उन्होंने विधिवत पूजा की और मां पीतांबरा के दरबार में माथा टेका। इसके बाद वे धूमावती माई की आरती में शामिल हुए। गंभीर ने वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक भी किया।
करीब आधे घंटे तक पीठ परिसर में रहे गौतम गंभीर के साथ कुछ करीबी लोग भी मौजूद थे। मंदिर परिसर में उनके पहुंचते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी लेने का प्रयास किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पीठ परिसर में विशेष इंतजाम किए गए थे और पुलिसकर्मी लगातार निगरानी बनाए हुए थे।
पीठ के पुजारियों के अनुसार भारतीय टीम का कोच बनने के बाद गौतम गंभीर दतिया की धार्मिक यात्रा पर पहले भी आ चुके हैं। उनकी मां पीतांबरा के प्रति गहरी आस्था है। यही कारण है कि व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रमों के बीच भी वे समय निकालकर दतिया पहुंचते हैं।
पहले भी माई के दरबार में आ चुके हैं गौतम गंभीर : भारतीय क्रिकेट टीम के कोच बनने के बाद गौतम गंभीर लगातार मां पीतांबरा के दर्शन के लिए दतिया आते रहे हैं। कुछ माह पूर्व भी उन्होंने पीतांबरा पीठ पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की थी।
इससे पहले भी वे महत्वपूर्ण क्रिकेट श्रृंखलाओं और जिम्मेदारियों से पहले मां का आशीर्वाद लेने यहां पहुंच चुके हैं। पीठ के पुजारियों का कहना है कि गंभीर की पीठ के प्रति विशेष श्रद्धा है और वे यहां नियमित रूप से दर्शन करने आते हैं।

