किसानों से फसल बीमा कराने की कृषि मंत्री ने की अपील, 31 दिसम्बर तक हो सकेगा बीमा, प्रचार के लिए रवाना हुए रथ

भोपाल : किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने किसानों से रबी की फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 31 दिसम्बर के पूर्व बीमा कराने की अपील की है। उन्होंने गत दिवस भोपाल से रबी की फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत बीमा कराने के लिए प्रचार-रथों को हरी-झण्डी दिखाकर रवाना किया। पूर्व कृषि मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमारिया ने भी पटेल के साथ हरी-झंडी दिखाई।

मंत्री पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत वर्ष 2020-21 की रबी फसलों का अधिक से अधिक बीमा कराने के लिए 52 प्रचार-रथों से किसानों को जागरुक किया जाएगा। प्रचार-रथ 30 दिसम्बर तक प्रदेश के अधिकतम गांवों तक पहुंचकर किसानों को जागरूक करेंगे। मंत्री पटेल ने बताया कि 100 प्रचार-रथों द्वारा जागरूकता संबंधी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी ऑफ इण्डिया लिमिटेड द्वारा 40 जिलों में, एचडीएफसी द्वारा 10 जिलों में और रिलायंस कम्पनी द्वारा 2 जिलों में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्रत्येक रथ एक दिन में 4 से 5 गांव में जाकर किसानों को जागरुक करेगा।

मंत्री ने बताया कि प्रचार-प्रसार के दौरान लगभग 5 हजार किसान चौपालें आयोजित की जाएंगी। किसानों को जागरुक करने गांवों और ग्राम पंचायतों में पेंपलेट, प्रश्नोत्तरी, स्टीकर, कैलेण्डर, बैनर इत्यादि का वितरण भी किया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!