भोपाल। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने नए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं उपभोक्ता अनुकूल बना दिया है। अब उपभोक्ता घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में नया बिजली कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कंपनी द्वारा संचालित सरल संयोजन पोर्टल और UPAY ऐप के माध्यम से पूरी प्रक्रिया डिजिटल कर दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन से बढ़ी सुविधा : कंपनी अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ताओं को अब कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान के बाद कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। आवेदन प्राप्त होने के बाद सर्वे एवं अन्य औपचारिकताएं तय समयावधि में पूरी कर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाता है।
6 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिला नया कनेक्शन : सरल संयोजन पोर्टल के माध्यम से जुलाई 2023 से अब तक कंपनी क्षेत्र में 6 लाख 11 हजार से अधिक नए बिजली कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। इनमें घरेलू, व्यावसायिक और 10 किलोवॉट तक के अस्थायी कनेक्शन भी शामिल हैं।
भोपाल क्षेत्र में भी अच्छा प्रतिसाद : कंपनी के आंकड़ों के अनुसार भोपाल शहर और भोपाल ग्रामीण वृत्त में अब तक 1 लाख 21 हजार 619 उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए नए बिजली कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। इससे उपभोक्ताओं का समय बचने के साथ प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बढ़ी है।
डिजिटल व्यवस्था से तेज हुई प्रक्रिया : विद्युत वितरण कंपनी का कहना है कि ऑनलाइन प्रणाली लागू होने के बाद आवेदन निपटान की गति में सुधार आया है। डिजिटल माध्यम से आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और भुगतान जैसी प्रक्रियाएं पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हुई हैं।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन : नया बिजली कनेक्शन लेने के इच्छुक उपभोक्ता सरल संयोजन पोर्टल अथवा UPAY ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद बिजली कंपनी द्वारा आगे की कार्रवाई पूरी की जाती है।

